अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मृत्यु

रफ्तार के रोमांच से हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है। प्रतिदिन दो से तीन हादसे हो रहे हैं। मंगलवार को भी तीन मामले सामने आए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 10 Aug 2022 08:10 PM (IST) Updated:Wed, 10 Aug 2022 08:10 PM (IST)
अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मृत्यु
अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मृत्यु

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: रफ्तार के रोमांच से हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है। प्रतिदिन दो से तीन हादसे हो रहे हैं। मंगलवार को भी तीन मामले सामने आए।

गांव बिनौला के नजदीक दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से एक महिला को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने उन्हें नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। पहचान गांव बिनौला में परिवार सहित किराये पर रह रहीं 45 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में की गई। वह मूल रूप से बिहार के रोहताश जिले के गांव गुजरी की रहने वाली थीं। बेटे आकाश की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

कार ने मारी टक्कर, साइकिल सवार की मृत्यु

फरुखनगर इलाके में भी तेज रफ्तार कार ने एक साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान गांव हाजीपुर के रहने वाले कर्मबीर के रूप में की गई। वह गांव खैंटावास में संचालित एक निजी कंपनी में काम करते थे। बड़े भाई तेजराम की शिकायत पर स्थानीय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कर्मबीर की साइकिल आगे चल एक अन्य साइकिल से टकरा गई थी। साइकिल पर उनके ही गांव के रहने वाले देवीलाल सवार थे। उन्हें भी हल्की चोट लगी है।

हादसे में एक छात्र की मौत, एक गंभीर

फरुखनगर-डाबोदा रोड पर बसुंडा नहर के नजदीक सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार घायल हो गए। उनकी पहचान गांव तिरपड़ी के रहने वाले 12वीं कक्षा के विद्यार्थी ललित और पुष्पेंद्र के रूप में की गई। सूचना मिलते ही मौके पर ललित के भाई राहुल मौके पर पहुंचे और दोनों घायल को नजदीक फरुखनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। वहां से एक निजी अस्पताल में दोनों को ले जाया गया। इलाज के दौरान ललित ने दम तोड़ दिया। पुष्पेंद्र की भी हालत गंभीर बनी हुई है। स्कूल से घर वापस लौटने के दौरान हादसा हुआ। आरोपित चालक कुछ दूरी पर कार छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी