बरसाती नाले की स्लैब टूटने से लोग परेशान

पालम विहार क्षेत्र में बरसाती नाले पर बनाई गई स्लैब जगह-जगह से टूट गई है। इसके टूटने की वजह से पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Sep 2020 06:27 PM (IST) Updated:Sun, 13 Sep 2020 06:27 PM (IST)
बरसाती नाले की स्लैब टूटने से लोग परेशान
बरसाती नाले की स्लैब टूटने से लोग परेशान

संवाद सहयोगी बादशाहपुर: पालम विहार क्षेत्र में बरसाती नाले पर बनाई गई स्लैब जगह-जगह से टूट गई है। इसके टूटने की वजह से पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल रहा है। इस बरसाती नाले में लोगों ने सीवर आदि का पानी भी छोड़ दिया है। इसमें बदबू आने से भी लोगों की दिक्कत बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि नगर निगम इस में लापरवाही बरत कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है।

घाटा वजीराबाद से अरावली का पानी नजफगढ़ ड्रेन में डालने के लिए पालम विहार से होते हुए बरसाती नाला बनाया गया। इस नाले के माध्यम से बरसात के दिनों में अरावली का पानी नजफगढ़ ट्रेन में गिरता है। 15 दिन पहले तेज बरसात के कारण बजघेड़ा गांव के पास नाला टूटने से कई सौ एकड़ जमीन जलमग्न हो गई थी। नाला काफी पुराना होने के कारण इस नाले पर लगे ढक्कन जगह-जगह से टूटकर नाले में ही गिर गए। बरसाती नाला होने के साथ ही लोगों ने इसमें सीवर आदि का पानी भी छोड़ना शुरू कर दिया। उद्योग विहार की कई फैक्ट्रियों का गंदा पानी भी इसमें जाने लगा है। नाला जगह-जगह से खुला पड़ा है। इसकी वजह से पानी ओवरफ्लो होकर पालम विहार की गलियों में फैलने लगा है। नगर निगम आयुक्त से भी इसकी शिकायत की गई है। लोगों के समस्या के निपटारे को कोई भी अधिकारी तैयार नहीं है।

राजन सागर, पालम विहार यह नाला कहने को तो बरसाती नाला है, पर इसमें अब सीवर का और फैक्ट्रियों का गंदा पानी भी आने लगा है। पानी से आने वाली बदबू से लोग परेशान हैं। नाले का गंदा पानी लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है। नगर निगम लोगों की इस समस्या पर तुरंत संज्ञान ले।

राकेश दुबे, पालम विहार नगर निगम डेंगू के लारवा के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्यक्रम चला रहा है, दूसरी तरफ नाले से गंदा पानी फैलने से लोगों के स्वास्थ्य के साथ जो खिलवाड़ हो रहा है, उसके प्रति जरा भी गंभीर नहीं है। इसकी शिकायत विधायक और नगर निगम के अधिकारियों को भी कर ली लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ।

वीरेंद्र शर्मा, पालम विहार नाले का ढक्कन जगह-जगह से टूटने से उससे बदबू भी आ रही है। पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल रहा है। इसमें बच्चों के भी गिरने का हमेशा खतरा बना रहता है। नगर निगम के अधिकारियों को इसकी शिकायत कर चुके हैं। निगमायुक्त से भी व्यक्तिगत तौर से मुलाकात कर समस्या रखी गई।

अमर मीणा, पालम विहार

chat bot
आपका साथी