श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समर्पण निधि अभियान में जोर-शोर से जुटे राम भक्त

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समर्पण निधि अभियान के अंतिम दिनों में राम भक्तों ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। जहां राम भक्तों की टोलियां गली-गली व घर-घर पहुंच रही है वहीं कुछ राम भक्त स्वयं भी चंदा देने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 08:18 PM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 08:18 PM (IST)
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समर्पण निधि अभियान में जोर-शोर से जुटे राम भक्त
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समर्पण निधि अभियान में जोर-शोर से जुटे राम भक्त

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समर्पण निधि अभियान के अंतिम दिनों में राम भक्तों ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। जहां राम भक्तों की टोलियां गली-गली व घर-घर पहुंच रही है, वहीं कुछ राम भक्त स्वयं भी चंदा देने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं। भगवान राम के मंदिर के प्रति ऐसा ही समर्पण दिखाया है माडल टाउन के रहने वाले सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चंद्रभान ने। 82 वर्षीय चंद्रभान स्वयं सिद्धेश्वर मंदिर स्थित निधि समर्पण अभियान के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अपनी पेंशन में से एक लाख 11 हजार 111 रुपये की राशि राम मंदिर निर्माण के लिए दान की। भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ की मां ने भी राम भक्तों की टोली को अपने निवास पर बुलाकर निधि समर्पण में अपना योगदान दिया।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समर्पण निधि अभियान जैसे जैसे समापन की ओर बढ़ रहा है, वैसे वैसे निधि समर्पण अभियान में जुटे राम भक्तों का उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। माडल टाउन में रहने वाले सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चंद्रभान सिद्धेश्वर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय पहुंचकर श्री राम मंदिर के लिए अपना योगदान दिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ की माता 87 वर्षीय शकुंतला देवी ने अपनी समर्पण निधि अर्पण करते हुए राम भक्तों से अयोध्या जाने का आग्रह भी किया। शकुंतला देवी हिमाचल से अपने बेटे मनीष कुमार के घर आई हुई थी। उनको जब इस अभियान का पता चला तो विशेष आग्रह करके समर्पण निधि अभियान में लगे राम सेवकों को अपने घर बुलाकर अपनी समर्पण निधि अर्पण की। घर पहुंचे राम सेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।

समर्पण निधि ग्रहण करने पंहुचे रामभक्त हरीश कुमार व गुरुग्राम अभियान सहप्रमुख संजीव सैनी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि अभियान के प्रति भक्तों के उत्साह देखते ही बनता है। इस अवसर पर मौजूद भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने कहा कि मंदिर निर्माण से देश को नई सात्विक ऊर्जा मिलेगी। लगभग पांच शताब्दी की तपस्या के बाद यह अवसर आया है। इसलिए समूचे देश ही नहीं विदेश में रहने वाले राम भक्तों में भारी उत्साह है। इस अवसर पर नरेश शर्मा, महानगर अभियान पालक अमन कुमार, समाज सेवी मुल्क राज, हंसिका, मीनू भी साथ रहे।

chat bot
आपका साथी