नगर निगम की जनगणना में भारी गड़बड़झाला: उमेश अग्रवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने नगर निगम द्वारा कराई गई जनगणना में भारी गड़बड़झाला किए जाने का आरोप लगाया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Aug 2022 06:43 PM (IST) Updated:Sat, 13 Aug 2022 06:43 PM (IST)
नगर निगम की जनगणना में भारी गड़बड़झाला: उमेश अग्रवाल
नगर निगम की जनगणना में भारी गड़बड़झाला: उमेश अग्रवाल

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने नगर निगम द्वारा कराई गई जनगणना में भारी गड़बड़झाला किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जनगणना वास्तविक आबादी से कहीं मेल नहीं खाती है। नगर निगम चुनाव में कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए जनसंख्या की गिनती के साथ छेड़छाड़ की गई है। इसी हिसाब से वार्डबंदी किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में कुछ वार्ड वोटों के हिसाब से काफी छोटे हो जाएंगे और कुछ वार्ड काफी बड़े। इस बारे में पार्टी द्वारा नगर निगम आयुक्त मुकेश आहूजा को ज्ञापन सौंपकर भी आपत्ति जता दी गई है।

शनिवार को शीतला माता रोड स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि इस बार नगर निगम गुरुग्राम में 40 वार्ड बनाए जाने हैं। इस हिसाब से एक वार्ड में करीब 60 हजार की आबादी होगी। चुनाव लड़ चुके और इस बार भी चुनाव लड़ने के इच्छुक कुछ नेताओं के इशारे पर वार्डबंदी किए जाने का प्रयास चल रहा है।

वार्डबंदी के लिए गठित कमेटी में भी चुनाव लड़ने वाले लोग शामिल हैं। ऐसे में गलत किया जाना स्वभाविक है। उदाहरण के तौर पर वार्ड नंबर आठ, 17 और 21 में जनसंख्या 2011 के चुनाव से कम तथा वार्ड 26, 29 और 32 की जनसंख्या पिछले चुनावों से तीन गुणा अधिक दर्शायी गई है। पार्टी गड़बड़ी के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी। किसी भी कीमत पर गलत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी हर स्तर पर तैयार है। जनता भाजपा को पूरी तरह चुनाव में नकार देगी।

पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष मुकेश डागर, पूर्व विधायक रामबीर सिंह, डा. सारिका वर्मा, अधिवक्ता प्रवीण शर्मा, अनुराधा शर्मा, राजबाला शर्मा, राजीव यादव, अधिवक्ता अशोक वर्मा, राजीव कौशिक और अनिल कुकरेजा आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी