साइबर सिटी में बनाए जाएंगे इलेक्ट्रिक वाहन जोन

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में गुरुग्राम के एक क्षेत्र को इलेक्ट्रिक वाहन जोन बनाने की दिशा में हितधारियों के साथ चर्चा हुई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 09 Jul 2021 05:21 PM (IST) Updated:Fri, 09 Jul 2021 05:40 PM (IST)
साइबर सिटी में बनाए जाएंगे इलेक्ट्रिक वाहन जोन
साइबर सिटी में बनाए जाएंगे इलेक्ट्रिक वाहन जोन

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: डीजल आटो को बंद करने के लिए शहर में इलेक्ट्रिक वाहन जोन बनाए जाएंगे। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में गुरुग्राम के एक क्षेत्र को इलेक्ट्रिक वाहन जोन बनाने की दिशा में हितधारियों के साथ चर्चा हुई। बैठक में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए निगमायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बता दें कि नगर निगम की पहले चरण में शहर की सड़कों पर दो हजार ई-रिक्शा उतारने की योजना है।

'प्रोजेक्ट परिवर्तन' से बदलाव की उम्मीद

बैठक में बताया गया कि डीजल आटो के स्थान पर इलेक्ट्रिक आटो शुरू करने के लिए 'प्रोजेक्ट परिवर्तन' के तहत नगर निगम गुरुग्राम कार्य कर रहा है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका यातायात पुलिस द्वारा निभाई जानी है। यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर प्रस्तावित इलेक्ट्रिक वाहन जोन के डीजल आटो मालिकों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर नगर निगम गुरुग्राम और फेम इंडिया योजना के तहत 60 से 65 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। बैंकों के माध्यम से शेष बची राशि का लोन दिलवाया जाएगा।

इलेक्ट्रिक वाहन जोन में पर्याप्त संख्या में चार्जिंग स्टेशन होंगे, जहां वाहन को चार्ज करने की सुविधा होगी। पुराने डीजल आटो को स्क्रैप कराने की राशि भी संबंधित आटो मालिक को ही मिलेगी। इलेक्ट्रिक रिक्शा चलाने वाली कंपनी स्मार्ट-ई के प्रतिनिधियों ने निगमायुक्त को बताया कि प्रस्तावित जोन में मौजूदा समय में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए हुए हैं।

इन क्षेत्रों में बनेंगे इलेक्ट्रिक वाहन जोन

पायलट प्रोजेक्ट के तहत साइबर सिटी से गोल्फ कोर्स रोड, एमजी रोड मेट्रो स्टेशन, इफको चौक, हुडा सिटी सेंटर, ग्लेरिया मार्केट, साइबर पार्क, सुभाष चौक आदि क्षेत्र शामिल करके इलेक्ट्रिक वाहन जोन बनाने की योजना प्रस्तावित है। बैठक में नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त जसप्रीत कौर, संयुक्त आयुक्त हरिओम अत्री, एसीपी ट्रैफिक रमेश कुमार, डीटीओ विरेन्द्र, कार्यकारी अभियंता देवेंद्र भड़ाना और स्मार्ट-ई के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी