कोरोना पीड़ित मरीजों के स्वस्थ होने की दर पहुंची 83 फीसद

जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ्य होने की दर में उत्साहजनक वृद्धि हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Jul 2020 06:50 PM (IST) Updated:Fri, 10 Jul 2020 07:06 PM (IST)
कोरोना पीड़ित मरीजों के स्वस्थ  होने की दर पहुंची 83 फीसद
कोरोना पीड़ित मरीजों के स्वस्थ होने की दर पहुंची 83 फीसद

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर में उत्साहजनक वृद्धि हुई है। पिछले सप्ताह जहां यह दर 77 फीसद थी अब वह बढ़कर 83 हो गई है। वहीं रोजाना लगभग 3000 कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच गुरुग्राम में की जा रही है। यह जानकारी शुक्रवार को निगमायुक्त विनय प्रताप सिंह ने सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान दी। इस मौके पर उपायुक्त अमित खत्री एवं सिविल सर्जन डॉ. विरेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

निगमायुक्त ने कहा कि जिले में पिछले एक सप्ताह से जितने कोरोना सकारात्मक मामले आए हैं लगभग उतने ही या उससे अधिक स्वस्थ हुए हैं। उन्होंने कहा कि जून में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में जो वृद्धि दर्ज हुई थी, अब उसमें काफी सुधार हुआ है। जिला प्रशासन इस समय कोरोना जांच, मरीजों और संदिग्धों को चिन्हित करने और उनके उपचार की रणनीति पर काम कर रहा है। संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए जांच की की गति तेज कर दी गई है। उन मरीजों के संपर्क में आए लोगों को अलग किया जा रहा है। मरीजों की जांच कोरोना संबंधी लक्षणों के आधार पर किया जा रहा है।

हरित पट्टी का कायाकल्प होगा:

विनय प्रताप ने बताया कि निगम क्षेत्र के हरित पट्टी का कायाकल्प किया जाएगा। इनमें निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों की मदद ली जाएगी। आरडब्ल्यूए व गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से हर शनिवार और रविवार को पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस बार नीम, पीपल तथा फलदार पौधे लगाने पर अधिक जोर है। निगम क्षेत्र के तालाबों और जोहड़ों का भी कायाकल्प किया जाएगा। इस माह आठ तालाबों का जीर्णोद्धार कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया कि फेस मास्क और शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी