भाजपा को छोड़ कहीं और जाने की सोच भी नहीं सकते: उमेश

विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर किसी अन्य दल में जाने के बारे में सोच भी नहीं सकते।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 12 Sep 2019 07:04 PM (IST) Updated:Thu, 12 Sep 2019 07:04 PM (IST)
भाजपा को छोड़ कहीं और जाने की सोच भी नहीं सकते: उमेश
भाजपा को छोड़ कहीं और जाने की सोच भी नहीं सकते: उमेश

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छोड़कर किसी अन्य दल में जाने के बारे में सोच भी नहीं सकते। अपने कांग्रेस में शामिल होने की खबरों को उन्होंने निराधार बताया। कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बार के विधानसभा चुनाव में वह प्रदेश में सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज करने वाले विधायक हैं। तीसरी बार भी इसी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में भी चुनावी मैदान में होंगे।

उमेश अग्रवाल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने के अलावा भी अगर कोई जिम्मेदारी दी, तो उसे भी वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके कांग्रेस में जाने संबंधी निराधार समाचार को प्रसारित करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करने को लेकर वकीलों से सलाह ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, भाजपा के प्रदेश प्रचार सचिव के अलावा वर्तमान में पार्टी प्रदेश मीडिया प्रभारी भी हैं। पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते उन्होंने भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी व प्रदेश कार्य समिति की बैठक भी आयोजित कराईं है, जिसमें तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष व वर्तमान में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के अतिरिक्त भाजपा कई राष्ट्रीय नेताओं ने हिस्सा लिया था।

विधायक ने कहा कि उन्होंने 2009 में गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन तब सफल नहीं हो पाए। 2014 के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने उन पर फिर विश्वास जताया। इसमें वह सबसे अधिक वोटों से विजयी बने।

chat bot
आपका साथी