टल्ली हो आया पति, पत्‍‌नी ने लगा ली फांसी

By Edited By: Publish:Fri, 12 Sep 2014 06:57 PM (IST) Updated:Fri, 12 Sep 2014 06:57 PM (IST)
टल्ली हो आया पति, पत्‍‌नी ने लगा ली फांसी

जागरण संवाददाता, गुड़गांव : पति शराब पीकर आया, तो पत्‍‌नी ने फांसी लगा जान दे दी। शुक्रवार अलसुबह हुई घटना गुड़गांव के चंदन नगर कालोनी की है। पति व बच्चे के साथ कमरे में लेटी महिला ने पति के सोने के बाद छत पर लगी कड़ी से चुन्नी का फंदा लगा जान दी। घटना को आत्महत्या मान रही पुलिस दूसरे पहलू से भी इसकी जांच कर रही है। हालांकि अभी मायके वालों की ओर से शिकायत नहीं मिली है।

27 वर्षीय पूजा की शादी सात साल पहले सुनील के साथ हुई थी। दोनों से ढाई साल का बच्चा भी है। पुलिस के मुताबिक एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत सुनील व पूजा के बीच शराब को लेकर कलह होती थी। सुनील जब भी शराब पीकर आता पूजा तीखा विरोध करती थी। कई बार तो दोनों में लड़ाई हुई, तो बीच-बचाव करने के लिए बगल में ही रह रहे पूजा के पिता को आना पड़ा। थाना प्रभारी सिविल लाइन इंस्पेक्टर विशाल ने बताया पति-पत्‍‌नी में रात में भी अनबन हुई। इसके बाद सुनील सो गया। रात करीब तीन बजे उसकी नींद तब खुली जब मां को बिस्तर पर ना पाकर बच्चा रोने लगा था। पूजा के शव को देख सुनील ने अपने ससुर को बुलाया फिर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ने कहा अभी तो मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, लेकिन अन्य पहलू से भी जांच होगी।

chat bot
आपका साथी