जेई ने जहर खाकर जान दी

By Edited By: Publish:Thu, 24 Jul 2014 05:22 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jul 2014 05:22 PM (IST)
जेई ने जहर खाकर जान दी

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : भिवानी के बहल कस्बे में कार्यरत बिजली निगम के जेई ने गांव धांगड़ में आकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान भिवानी के गांव बुढ़ेड़ा निवासी जयप्रकाश बताई गई है। 52 साल उम्र है। उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है। उसमें अपनी मौत के लिए बहल के एसडीओ ओपी दलाल व जेई सुखबीर सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ आइपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली कि धांगड़ के पास सड़क किनारे खेत में एक शव पड़ा है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव आसपास के लोगों को दिखाया। सभी ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब से मिले कागजों से उसकी पहचान हो गई। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में उसने अपना नाम पता लिखा हुआ था। सुसाइड नोट में जिक्र था कि वह बिजली निगम में जेई के पद पर कार्यरत था और बहल कस्बे में डयूटी थी। बताया गया कि निगम के एसडीओ ओपी दलाल व जेई सुखबीर सिंह मिलकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इसी से तंग आकर जान दे रहा है। मौके से सल्फास बरामद हुई है। उससे पता चला कि उसने जहर खाया है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिवारजन भी यहां पहुंच गए। उनके बयान पर सुसाइड नोट के आधार पर एसडीओ व जेई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

--------

बॉक्स : धांगड़ कैसे पहुंचा जेई?

शुरुआती जांच से पता चला कि सुसाइड केस है। मगर यह पता नहीं चला कि जय प्रकाश ने धांगड़ में आकर ही सुसाइड क्यों किया। पुलिस ने गांव व आसपास के लोगों से पूछताछ की है। वहीं परिजनों से भी पूछा है। पता चला है कि इस क्षेत्र में जय प्रकाश कोई रिश्तेदार या दोस्त नहीं रहता। इसलिए सवाल है कि आखिर वह धांगड़ कैसे पहुंचा। ऐसी क्या परिस्थितियां रही कि उसे धांगड़ के खेतों में जाकर सल्फास खानी पड़ी। इस सवाल के मद्देनजर पुलिस जांच कर रही है।

-----------

बॉक्स :: वर्जन..

'सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हमने सुसाइड नोट के आधार पर एसडीओ व जेई के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह जांच का विषय है कि जय प्रकाश धांगड़ में कैसे और किसलिए आया।'

chat bot
आपका साथी