इस जिले में सच हो रहा PM का सपना, पढ़िए- पूरी स्टोरी और जानिए इसका पानीपत लिंक

प्रदेश में लिंगानुपात की स्थिति में बेहद सुधार हुआ वहीं हरियाणा की मनोहर सरकार ने इस संदेश को सार्थक करते हुए प्रशासनिक पदों पर महिला अधिकारियों को आसीन कर एक उदारण पेश किया है।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 16 Aug 2019 09:39 PM (IST) Updated:Sat, 17 Aug 2019 06:56 PM (IST)
इस जिले में सच हो रहा PM का सपना, पढ़िए- पूरी स्टोरी और जानिए इसका पानीपत लिंक
इस जिले में सच हो रहा PM का सपना, पढ़िए- पूरी स्टोरी और जानिए इसका पानीपत लिंक

फरीदाबाद [सुशील भाटिया]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश हरियाणा प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी पानीपत की धरती से दिया था। इस संदेश के बाद प्रदेश में लिंगानुपात की स्थिति में बेहद सुधार हुआ, वहीं हरियाणा की मनोहर सरकार ने इस संदेश को सार्थक करते हुए प्रशासनिक पदों पर महिला अधिकारियों को आसीन कर अभिभावकों के समक्ष एक उदाहरण प्रस्तुत किया।

चल रही नारी शक्ति की सरदारी

अब इसे संयोग कहें या हरियाणा सरकार की महिलाओं के हाथ में शक्ति देने की मंशा प्रदेश में मुख्य सचिव व गृह सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भारतीय प्रशासनिक सेवा की दो वरिष्ठ अधिकारियों केशनी आनंद अरोड़ा व नवराज संधू के साथ-साथ औद्योगिक जिले फरीदाबाद में सभी प्रमुख प्रशासनिक पदों पर नारी-शक्ति विराजमान है। प्रमुख पदों पर अपवाद के रूप में सिर्फ जिला उपायुक्त अतुल कुमार व पुलिस आयुक्त संजय कुमार को छोड़ कर बाकी पूरे जिले में सीधे और सरल शब्दों में कहें, तो नारी शक्ति की सरदारी चल रही है।

शुरुआत प्रशासनिक महकमों से करते हैं। मंडल आयुक्त के पद पर डॉ.जी अनुपमा नियुक्त हैं, तो नगर निगम की आयुक्त अनीता यादव व शहर की प्रथम नागरिक यानी महापौर सुमन बाला शहर को सुंदर बनाने के लिए पूरी शिद्दत से काम में जुटी हैं।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की प्रशासक सोनल गोयल के पास सेक्टरों को सुंदर, स्वच्छ व हराभरा बनाने का कार्यभार है, सोनल गोयल के पास फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पदभार भी है, तो शहर को स्मार्ट बनाने के जिम्मेदारी भी दो महिला अधिकारियों मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.गरिमा मित्तल व अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोनिका गुप्ता के कंधों पर है।

एसडीएम व सिटी मजिस्ट्रेट जैसे दो महत्वपूर्ण पदों पर सामंजस्य बैठाते हुए बलीना राणा अपना काम बखूबी कर रही हैं। भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी नितिका गहलौत डीसीपी मुख्यालय के पद हैं, पुलिस महकमे की ही एसीपी धारणा यादव हैं। जिला नागरिक अस्पताल की प्रधान चिकित्सा अधिकारी के रूप में डॉ.सविता यादव बादशाह खान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने का प्रयास कर रही हैं।

शिक्षा क्षेत्र में सभी पद महिलाओं के पास

शिक्षा क्षेत्र में तो सभी प्रमुख पदों पर महिलाओं का कब्जा है। इनमें जिला शिक्षा अधिकारी सतेंद्र कौर, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शशि अहलावत, उप जिला शिक्षा अधिकारी अनीता शर्मा, बल्लभगढ़ की खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम लता वोहरा व फरीदाबाद की मुनेश चौधरी नियुक्त हैं।

महिलाएं कर रही शहर व प्रदेश का नाम

जिला नगर योजनाकार रेनूका सिंह, जिला खेल अधिकारी मैरी मसीह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुशीला देवी, जिला श्रम उपायुक्त सुधा चौधरी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पूजा शर्मा, जिला परिषद की उपाध्यक्ष गुड्डी भाटी, बल्लभगढ़ पंचायत समिति की अध्यक्ष कृष्णा हुड्डा सभी महिलाएं हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र की प्रमुख होने के नाते जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वाह तो कर ही रही हैं, साथ ही समाज के लिए ज्वलंत उदाहरण भी हैं कि नारी को अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता।

जिले की छह विधानसभा में से एक बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा हैं। यही नहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की फरीदाबाद शाखा की प्रधान भी एक महिला चिकित्सा डॉ.पुनीता हसीजा हैं, जो डॉक्टरों की मांगों पर अपनी आवाज बखूबी बुलंद करती हैं।

पूरा सम्मान मिल रहा महिलाओं को

सुमन बाला (मेयर, नगर निगम फरीदाबाद) का कहना है कि आज महिलाएं किसी से पीछे नहीं हैं। मेरे सहित शासन-प्रशासन में तमाम ऐसे उदाहरण हैं, जिनमें महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ सम्मान हासिल किया है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश की बेटियों व सक्षम महिलाओं को पूरा सम्मान मिल रहा है। महिलाएं देश-प्रदेश की तरक्की में अहम योगदान दे रही हैं।

बेटियों को दो हुनर दिखाने का मौका

सोनल गोयल (प्रशासक, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) के मुताबिक, आज हमारे देश में महिलाएं अंतरिक्ष से लेकर जमीन तक खूब पुरुषों के मुकाबले बेहतर तरीके से अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। फरीदाबाद जिले में ऐसा संयोग बन पड़ा है कि सभी महत्वपूर्ण पदों पर न सिर्फ महिलाएं नियुक्त हैं बल्कि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह बखूबी करते हुए विभिन्न विकास कार्यों को गति देने में आगे हैं। आज ऐसा कोई भी काम नहीं है, जो महिलाएं न कर रही हैं। मैं यह जरूर कहना चाहूंगी कि इसमें शिक्षा की बड़ी भूमिका है। मेरी सभी अभिभावकों से अपील है कि अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा दिलाओ और उन्हें हुनर दिखाने का मौका दो।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

chat bot
आपका साथी