दोस्त ने किया विश्वासघात, घर में कराई डकैती

पांच जनवरी को गांव तिगांव में परिवार को बंधक बनाकर डकैती डालने का मामला सुलझा लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Jan 2022 06:32 PM (IST) Updated:Wed, 12 Jan 2022 06:44 PM (IST)
दोस्त ने किया विश्वासघात, घर में कराई डकैती
दोस्त ने किया विश्वासघात, घर में कराई डकैती

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : पांच जनवरी को गांव तिगांव में परिवार को बंधक बनाकर डकैती का मामला क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया है। गृहस्वामी का दोस्त डकैती का मास्टरमाइंड निकला। उसने ही विश्वासघात कर घर में डकैती डलवाई। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में उत्तर प्रदेश जिला हाथरस के गांव अगराणा के निवासी विकास उर्फ मट्टू, आशीष उर्फ आशु, नितिन, मोहित, आदित्य उर्फ अशोक और मोहित कुमार शामिल हैं। इसमें से एक आरोपित को पहले ही जेल भेजा चुका है।

क्राइम ब्रांच ऊंगा गांव प्रभारी जगमिदर ने बताया कि आदित्य उर्फ अशोक डकैती का मास्टरमाइंड है। उसकी दोस्ती गांव तिगांव निवासी देवज्योति से थी। देवज्योति कंप्यूटर साफ्टवेयर का काम करता है। यहां पत्नी के साथ रहता है। आदित्य अक्सर देवज्योति के घर आता-जाता था। उसे मालूम था कि उसके पास रुपये और आभूषण हैं। बड़ा हाथ मारने के चक्कर में आदित्य ने अपने साथियों संग मिलकर देवज्योति के घर डकैती का षड़यंत्र रचा। इसके तहत वह दो दिन पहले ही देवज्योति के पास आ गया था। उसके साथ रह रहा था। पांच जनवरी की तड़के तीन बजे आदित्य ने घर का ताला तोड़कर अपने पांच साथियों को देवज्योति के घर में घुसा लिया। उन्होंने देव ज्योति उसकी पत्नी व आदित्य को बंधक बनाकर लैपटाप, मोबाइल, सोने चांदी के आभूषण व नकदी लूट ली। जाते हुए वे देव ज्योति को सिर में चोट भी मारकर गए। क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपित दिल्ली से ईको कार किराए पर लेकर आए थे। रात में वे गेस्टहाउस में रूम लेकर रुके थे। वारदात के बाद ईको कार से फरार हो गए। क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना के आधार पर मोहित और नितिन को सिकंदराबाद हाथरस से गिरफ्तार किया। पूछताछ में बाकी आरोपितों के शामिल होने की बात पता चली। इसके बाद विकास और आशीष को गांव टिकावली, आदित्य और मोहित को कालिदी कुंज दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

क्राइम बांच ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई कार, सोने के दो लाकेट, तीन चेन, दो जोड़ी चूड़ी, दो अंगूठी, दो झुमके, दो गले के हार, दो लैपटाप, 10 हजार रुपये सहित अन्य सामान बरामद किया है।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक मोहित के खिलाफ दिल्ली में लूट डकैती के छह, चोरी के नौ, अवैध हथियार का एक, चोरी का सामान प्रयोग करने व नशीले पदार्थ तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके बारे में क्राइम ब्रांच ने दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया है।

chat bot
आपका साथी