सपने दिखाकर उड़ाते थे नींद

लकी ड्रा में महंगे इलेक्ट्रानिक सामान जीतने का सपना दिखाकर ठगी करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Mar 2021 06:38 PM (IST) Updated:Thu, 25 Mar 2021 06:38 PM (IST)
सपने दिखाकर उड़ाते थे नींद
सपने दिखाकर उड़ाते थे नींद

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : लकी ड्रा में महंगे इलेक्ट्रानिक सामान जीतने का सपना दिखाकर लोगों से धोखाधड़ी कर उनकी नींद उड़ाने वाले दो साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और एक अवैध काल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। उनकी पहचान मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले निवासी जावेद खान और यासीन के रूप में हुई है। दोनों यहा लकड़पुर मार्केट में रहते थे और वहीं से काल सेंटर चलाते थे। आरोपितों के कब्जे से सात मोबाइल, 13 लैंडलाइन फोन, 11 कंप्यूटर, एक प्रिटर और पांच मोबाइल सिम बरामद हुए हैं। आरोपितों ने दिल्ली-एनसीआर के अलावा पूरे देश में लोगों से धोखाधड़ी की बात कबूली है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ में जुटी है।

दयालबाग चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि लकड़पुर मार्केट में अवैध काल सेंटर की सूचना पर उन्होंने टीम गठित कर छापेमारी की थी। आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपितों ने बताया कि वे एक आनलाइन साइट से छह हजार रुपये में डाटा खरीदते थे। इसमें उन्हें तीन हजार लोगों के मोबाइल नंबर, नाम व पते मिल जाते थे। इसके बाद वे बारी-बारी लोगों को काल करते थे। लोगों से कहते थे कि वे सर्च योर ड्रीम कंपनी से बात कर रहे हैं, आपके मोबाइल पर लकी ड्रा निकला है। लकी ड्रा में महंगे मोबाइल, लैपटाप, कंप्यूटर, एलईडी टीवी जैसे इलेक्ट्रानिक सामान निकलने का लालच दिया जाता था। वे लोगों से सीधे अपने बैंक खातें में रुपया मंगवा लेते थे। उन्होंने फर्जी पते पर खोले गए बैंक खाते ले रखे थे। एक व्यक्ति से वे तीन से चार हजार रुपये ही लेते थे। इसके बाद उसका फोन उठाना बंद कर देते थे। पीड़ित व्यक्ति भी कुछ दिन तक हाथ-पांव मारकर चुप बैठ जाता था। आरोपितों के खिलाफ सूरजकुंड थाने में धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अदालत से उन्हें रिमांड पर लेकर पता किया जाएगा कि उन्होंने किन लोगों के साथ धोखाधड़ी की है।

chat bot
आपका साथी