मौसम: बदलते मौसम से सामान्य जनजीवन प्रभावित, रातें होने लगी ठंडी, बढ़ रहा बीमारियों का प्रकोप

अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में दादरी जिले में बदलते मौसम क

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 06:23 AM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 06:23 AM (IST)
मौसम: बदलते मौसम से सामान्य जनजीवन प्रभावित, रातें होने लगी ठंडी, बढ़ रहा बीमारियों का प्रकोप
मौसम: बदलते मौसम से सामान्य जनजीवन प्रभावित, रातें होने लगी ठंडी, बढ़ रहा बीमारियों का प्रकोप

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में दादरी जिले में बदलते मौसम का असर सामान्य जनजीवन पर नजर आने लगा है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ साथ अब रातें ठंडी होने लगी है। वहीं दिन में भी गर्मी उमस का दौर खत्म हो चला है। एसी, कूलर इत्यादि बंद हो चुके वहीं रात्रि के समय पंखे भी बंद करने पड़ते है। घरों में रजाईयां, कंबल, गर्म चद्दरें बाहर निकलने लगे है वहीं बाजारों में धीरे धीरे गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में ही हल्की ठंड का अहसास होना शुरू हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि नवंबर माह के पहले सप्ताह में दौरान सर्दी अपना असर दिखाना शुरू करेगी। इसी के साथ पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बदलते मौसम व दिन रात के मौसम में काफी अंतर रहने के कारण इन दिनों कई प्रकार की संक्रामक बीमारियां दादरी जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में तेजी से पैर पसार रही है। विशेषकर जहां गंदे पानी व गंदगी का जमाव बना रहता है वहां स्थिति और भी गंभीर दिखाई दे रही है। यहां के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम इत्यादि में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखकर हालातों का अनुमान लगाया जा सकता है।

बाक्स :

सावधानियां रखनी जरूरी : डा. अरविद

नगर के चिकित्सक डा. अरविद गर्ग के अनुसार खान-पान, रहन-सहन, सफाई के प्रति लापरवाही के चलते अधिकतर संक्रामक बीमारियां फैल रही है। बदलते मौसम में वायरस से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैलती है। हम थोड़ी सावधानियां रखकर बीमारियों से बच सकते है। विशेषकर इस मौसम में छोटे बच्चों, पहले से विभिन्न प्रकार की बीमारियों से प्रभावित मरीजों, बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, श्वास, दमा, अस्थमा, एलर्जी से प्रभावित मरीजों को तो स्वास्थ्य के प्रति सावधानियां रखनी चाहिए। किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर नजदीक के चिकित्सक से जांच करवानी चाहिए। समय पर उपचार से फायदा हो सकता है।

बाक्स :

बाजारों में बढ़ी रौनक

मौसम का असर दादरी नगर के बाजारों, मंडियों व व्यवसायिक स्थानों पर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को बाजारों में खासी रौनक देखी गई। कई बाजारों में तो भीड़ के कारण सुबह से सायं तक जाम जैसे हालात बने रहे। स्थानीय नई अनाज मंडी में फसल बेचने के लिए आने वाले किसान बाजारों में जरूरत का सामान खरीद रहे है। इससे मंडियों के साथ साथ बाजारों में भी कारोबार बढ़ा है।

chat bot
आपका साथी