एमसी कालोनी में एक माह से दूषित पेयजल आपूर्ति से बिगड़े हालात, लोगों ने जताया रोष

शहर की एमसी कालोनी स्थित सांसद धर्मबीर सिंह वाली गली में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 06:04 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 06:04 AM (IST)
एमसी कालोनी में एक माह से दूषित पेयजल आपूर्ति से बिगड़े हालात, लोगों ने जताया रोष
एमसी कालोनी में एक माह से दूषित पेयजल आपूर्ति से बिगड़े हालात, लोगों ने जताया रोष

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : शहर की एमसी कालोनी स्थित सांसद धर्मबीर सिंह वाली गली में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है। कालोनी में दूषित पेयजल की समस्या के चलते यहां के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। कालोनी वासी विजय कुमार, संजीव, रामनिवास, जगमाल, सोनू, अन्नू इत्यादि ने बताया कि विभाग द्वारा जो सप्लाई दी जा रही है उसे पीना तो दूर की बात है अन्य किसी भी काम में प्रयोग नहीं किया जा सकता। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जनस्वास्थ्य विभाग ने गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं किया तो वे प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर उन पर कार्रवाई करने की मांग करेंगे। एक माह से दूषित जलापूर्ति जारी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक माह से एमसी कालोनी में दूषित पेयजल आपूर्ति हो रही है। इस संबंध में वे कई बार विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत करवा चुके हैं लेकिन फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण लोगों में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। वहीं सप्लाई में आने वाला पानी काला और बदबूदार होने से इसे घरेलू काम में भी लोग उपयोग नहीं कर पा रहे। घरों में रहना भी मुश्किल

यहां के निवासियों ने बताया कि सप्लाई में जो पानी आ रहा है वो न तो पीने योग्य है और न ही खाना बनाने के लायक। बदबूदार पानी आने से घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण उनकी गली में पेयजल संकट गहराया हुआ है और टैंकरों से पानी खरीदकर लोग प्यास बुझा रहे हैं। मिलता है बदबूदार काला पानी

कालोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि एक माह पूर्व सप्लाई में महज 10 मिनट तक दूषित पानी आता था। उसके बाद स्वच्छ पानी की आपूर्ति होती थी। फिलहाल हालात ये बने हुए है कि संबंधित विभाग द्वारा उनके यहां आधा घंटा सप्लाई दी जाती है। इस दौरान आधे घंटे तक काला पानी ही उनके घरों में पहुंचता है।

chat bot
आपका साथी