दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति सहित पांच पर मामला दर्ज
दादरी निवासी एक महिला ने गुरुग्राम निवासी अपने ससुराल पक्ष के
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
दादरी निवासी एक महिला ने गुरुग्राम निवासी अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उक्त लोग और दहेज लाने की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते हैं और कई बार घर से भी बाहर निकाला है। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, महिला सैल में देकर कार्रवाई की मांग की है। दादरी शहर निवासी पीड़िता महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के समीप भीमगढ़ खेड़ी में हुई थी। शादी में उसके माता-पिता व अन्य रिश्तेदारों ने सामर्थ्य से बढ़कर दान-दहेज दिया था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उसे और दहेज लाने की मांग करने लगे। इस बात पर आए दिन उसके साथ मारपीट व गाली-गलौच करने लगे। महिला का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने ससुराल पक्ष को कार दी थी, लेकिन वे लोग बड़ी गाड़ी की मांग करने लगे। उसके पति, सास, ननद, ननदोई, जेठानी ने उसके साथ मारपीट की। जिसके चलते वह पिछले तीन साल से अपने मायके में रह रही है।
इस बीच कई बार उसके परिजन उसकी ससुराल गए और उन लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे और दहेज लाने की जिद्द पर अड़े हैं। उसका कहना है कि उसकी एक बेटी भी है, उसे अपने साथ वह मायके में रख रही है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत देकर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।