किसानों के बाद अब सरकार की पेंशनधारकों पर नजर : दलीप सिंह सांगवान

भगत सिंह चौक पर किसानों का प्रदर्शन 124वें दिन निरंतर रहा जारी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 05:41 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 05:41 PM (IST)
किसानों के बाद अब सरकार की पेंशनधारकों पर नजर : दलीप सिंह सांगवान
किसानों के बाद अब सरकार की पेंशनधारकों पर नजर : दलीप सिंह सांगवान

जागरण संवाददाता, भिवानी : भगत सिंह चौक पर किसानों का प्रदर्शन 124वें दिन निरंतर रहा जारी। प्रदर्शन में किसानों व राहगीरों ने हाथों में पट्टियां पकड़े हुए अपनी मांगों के समर्थन में व सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। यह प्रदर्शन हर रोज शाम को पांच बजे से 6.30 बजे तक किया जाता है। प्रदर्शन का संचालन महेंद्र सिंह श्योराण और मास्टर जयप्रकाश दलाल ने किया। इस अवसर पर प्रदर्शन में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक दलीप सिंह सांगवान ने बताया की यह सरकार जब से सत्ता में आई है तब से पूंजीपति मालामाल होते जा रहे हैं व आम आदमी की जेब खाली होती जा रही है। नौबत यहां तक आ पहुंची है की आम आदमी चोपहिया वाहन से दो पहिया और अब साइकिल पर आ गया है। अब और नीचे जाने का कोई विकल्प नहीं बचा है परंतु इस सरकार के वार खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं।

समाज के हर वर्ग को एक एक करके तबाह करने की साजिश रची जा रही है। कृषि के तीन कानूनों की मार्फत किसानों को बर्बाद करने की पटकथा लिखी जा चुकी है। किसानों के बाद अब सरकार की कुदृष्टि पेंशनधारकों व पेंशन फंड पर पड़ चुकी है। विभिन्न विभागों में सुरक्षित पेंशन फंड को खुर्द बुर्द करने की तैयारी है। यह एक एजेंडा सरकार है जिसका मकसद देश को आबाद करने का नहीं बर्बाद करने का है। अब पेंशनधारकों सहित समाज के हर वर्ग को सचेत होना पड़ेगा व सरकार के देश को बर्बाद करने के मंसूबों को नाकामयाब करना होगा। इस अवसर पर ऋषि राम एम डी, हरपाल सिंह सांगवान, उमेद सिंह घणघस,नरेंद्र नाथुवास, सिवाच सहित बड़ी संख्या में आमजन, राहगीर, किसान व मोर्चा सदस्य उपस्थित रहे ।

chat bot
आपका साथी