20 एमएम वर्षा से तालाबों में तबदील हुए बाजार, घरों, दुकानों में घुसा पानी, कहीं एक तो कहीं दो फुट तक जलभराव

तीन दिन के अंतराल के बाद सोमवार को दादरी जिले में सुबह व दोपहर बाद जमकर बारिश हुई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 04 Aug 2020 08:20 AM (IST) Updated:Tue, 04 Aug 2020 08:20 AM (IST)
20 एमएम वर्षा से तालाबों में तबदील हुए बाजार, घरों, दुकानों में घुसा पानी, कहीं एक तो कहीं दो फुट तक जलभराव
20 एमएम वर्षा से तालाबों में तबदील हुए बाजार, घरों, दुकानों में घुसा पानी, कहीं एक तो कहीं दो फुट तक जलभराव

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :

तीन दिन के अंतराल के बाद सोमवार को दादरी जिले में सुबह व दोपहर बाद हुई तेज वर्षा से एक ओर जहां लोगों को गर्मी, उमस से काफी राहत मिली वहीं नगर, आसपास के क्षेत्रों में जलभराव के चलते लोगों की परेशानियां बढ़ी रही। अधिकतर स्थानों पर देर सायं तक पानी की निकासी नहीं हो पाई थी। सोमवार जल्द सुबह ही आसमान पर काली घटाएं छाने लगी थी। सुबह 7 बजे बाद आधे घंटे तक कभी तेज तो कभी हल्की वर्षा होती रही। सुबह की वर्षा के पानी की निकासी दोपहर 12 बजे तक हो गई थी लेकिन सायं 3 बजे बाद करीब एक घंटे तक लगातार हुई तेज बरसात से दादरी नगर के निचले भागों में एक से दो फूट तक पानी भर गया। बदले मौसम, वर्षा से सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ तथा लोगों की परेशानियां बढ़ी रही। रक्षाबंधन पर्व के चलते सोमवार को दोपहर बाद 3 बजे तक खासी चहल पहल थी लेकिन उसके बाद तेज वर्षा से कारोबार पूरी तरह ठप हो गया। जलभराव के चलते विभिन्न बाजारों, मुख्य मार्गों में जाम जैसे हालात बने रहे तथा छोटे, बड़े वाहन धीरे-धीरे चलते दिखाई दिए। इसके साथ ही स्थानीय जन स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, प्रशासन के उन दावों की धज्जियां उड़ती दिखाई दी जिनमें मानसून के दौरान वर्षा के पानी की निकासी के लंबे चौड़े दावे किए जा रहे थे। दादरी नगर के अधिकतर मुख्य बाजार गंदे पानी के नालों में बदले दिखाई दिए। इसी प्रकार के हालात नगर की दर्जनों घनी जनसंख्या वाली कालोनियों में भी बने नजर आए।

बाक्स :

इन स्थानों पर रहा जलभराव

सुबह व दोपहर बाद की वर्षा के बाद दादरी शहर के मैन बाजार, लाला लाजपतराय चौक, महाराजा अग्रसैन चौक, पुराना बस स्टैंड, तहसील रोड, डा. आम्बेडकर चौक, भगवान परशुराम चौक, रेलवे रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, दिल्ली रोड, गीता भवन के पीछे की कालोनियों, बस स्टैंड के पीछे की कालोनियां, वेयर हाउस रोड, फोरलेन के दोनों ओर, मथुरी घाटी, चरखी गेट, झज्जर रोड, झज्जर घाटी, रोहतक रोड, दिल्ली रोड, कालेज रोड, रोडवेज वर्कशाप, नगर परिषद परिसर, पुरानी अनाज मंडी इत्यादि क्षेत्रों में जलभराव से हालात बेहद विकट बने रहे।

बाक्स :

मकानों, दुकानों में घुसा पानी

दोपहर बाद तेज वर्षा से नगर के दर्जनभर बाजारों व अनेक कालोनियां में मकानों, दुकानों में पानी घुस गया। विशेषकर निचाई वाले मकानों, दुकानों की स्थिति काफी गंभीर बनी रही। देर सायं तक सैंकड़ों लोग घरों, दुकानों से पानी निकालने के प्रयासों में जुटे दिखाई दिए। स्थानीय मैन बाजार, परशुराम चौक, तहसील रोड तो दरिया में बदले नजर आए। यहां के दुकानदारों में काफी नुकसान होने की बात कही है। लोगों ने पंपों, मोटरों की सहायता से भी पानी की निकासी के प्रयास किए।

बाक्स :

4 डिग्री गिरा तापमान, 20 एमएम वर्षा

सोमवार को हुई वर्षा के कारण रविवार की अपेक्षा चार डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके विपरित रविवार को अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 29 डिग्री रिकार्ड किया गया था। सोमवार को दादरी जिले में औसत वर्षा 20 एमएम दर्ज की गई। पिछले दिनों हुई मानसून की वर्षा के दौरान एक साथ हुई यह सर्वाधिक बरसात मानी गई है।

बाक्स :

फसलों को होगा फायदा

सोमवार की वर्षा से जिले में बाजरा, कपास, ज्वार, ग्वार, धान इत्यादि की फसलों को फायदा होने की उम्मीदें हैं। जिले के किसानों ने बताया कि वर्षा से फसलों की सिचाई होगी व बढ़तवार में फायदा होगा। इसके अलावा मवेशियों के लिए पशुचारे, जोहड़ों में पानी की समस्या का भी एक हद तक समाधान होगा। नहरी पानी व बिजली पर निर्भरता काफी कम होगी।

chat bot
आपका साथी