वाइब्रेंट गुजरात समिट-2019 में मनेगा अफ्रीका दिवस

Vibrant Gujarat Global Summit 2019. वाइब्रेंट गुजरात समिट में अफ्रीका दिवस के आयोजन से एकता एवं आपसी सहयोग का संदेश पहुंचाया जाएगा।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 18 Dec 2018 03:51 PM (IST) Updated:Tue, 18 Dec 2018 03:51 PM (IST)
वाइब्रेंट गुजरात समिट-2019 में मनेगा अफ्रीका दिवस
वाइब्रेंट गुजरात समिट-2019 में मनेगा अफ्रीका दिवस

शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2019 में 19 जनवरी को अफ्रीका दिवस का आयोजन किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि इस आयोजन से 260 करोड़ की आबादी वाले भारत व अफ्रीका के बीच व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को इसका उद्घाटन कर सकते हैं।

गांधीनगर में 18-22 जनवरी 2019 तक चलने वाले इस आयोजन में दो लाख वर्गमीटर में ग्लोबल ट्रेड शो का आयोजन होगा। जापान, फ्रांस, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका, मोरक्को, स्वीडन, नीदरलैंड, उज्बेकिस्तान, यूएई, नार्वे, आस्ट्रेलिया सहित 16 देश आयोजन में शामिल होने की मंजूरी दे चुके हैं।

पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एसजे हैदर बताते हैं, '130-130 करोड़ की आबादी वाले देश भारत व अफ्रीका में दुनिया की दो तिहाई जनसंख्या रहती है।

वाइब्रेंट गुजरात समिट में अफ्रीका दिवस का आयोजन कर दोनों देशों के नागरिकों तक एकता एवं आपसी सहयोग का संदेश पहुंचाया जाएगा। 9वें वाइब्रेंट गुजरात समिट में दक्षिण अफ्रीका व मोरक्को सहभागी देश होंगे। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में 19 जनवरी को ही भारत व अफ्रीका के बीच व्यापार, वाणिज्य व आयात-निर्यात पर एक सत्र का आयोजन होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य व खनिज विकास के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच करीब 12 समझौते भी होंगे।

54 में से 32 अफ्रीकी देश समिट में शामिल होने आ रहे हैं। इनमें इथोपिया व रवांडा के राष्ट्रपति समेत आठ क्षेत्रीय आर्थिक समितियों के मंत्री शामिल हैं।' अफ्रीका दिवस कार्यक्रम में 250 से भी ज्यादा उद्योगपति, छात्र और 800 से भी ज्यादा भारतीय कारोबारी शामिल होंगे। पिछली बार वाइब्रेंट गुजरात समिट में 18 अफ्रीकी देशों के 160 से भी ज्यादा प्रतिनिधि शामिल हुए थे। 2017 में अफ्रीकी विकास बैंक की वार्षिक बैठक भी यहीं हुई थी।

ट्रेड शो में बनाए जाएंगे 15 पवेलियन

पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि इस बार ट्रेड शो में 15 पवेलियन बनाए जाएंगे। इनमें 2,200 वर्गमीटर का एक विशेष पवेलियन अफ्रीका का होगा। 14 राउंड टेबल बैठकें होंगी। बायर-सेलर मीट का आयोजन होगा। बुलेट ट्रेन व वेंडर डेवलपमेंट के प्रारूप का प्रदर्शन किया जाएगा। समिट में केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया, डिजीटल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, आइटीईएस, सागरमाला, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी