राहुल गांधी ने दादी की बात नहीं मानी’: अमित शाह

भाजपा किसान मोर्चा द्वारा महारैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘आपने दादी की बात नहीं सुनी।.’

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 29 Mar 2016 04:48 AM (IST) Updated:Tue, 29 Mar 2016 05:22 AM (IST)
राहुल गांधी ने दादी की बात नहीं मानी’: अमित शाह

सूरत। शहर के कड़ोदरा चार रास्ता के पास भाजपा किसान मोर्चा द्वारा महारैली का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गुजरात की सीएम आनंदीबेन पटेल और गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष विजय रूपाणी भी उपस्थित रहे। महारैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘आपने दादी की बात नहीं सुनी।.’

अमित शाह के शब्दों में...
आप कहते हैं तो यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि वीर सावरकार जैसे देशभक्त हमारे हैं। आपने अपनी दादी की बात नहीं सुनी। श्रीमती इंदिरा गांधीजी ने सावरकर ट्रस्ट के लिए उस समय 11 हजार रुपए का दान दिया था। अरे आप तो जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वालों का समर्थन करते हो और कहते हो कि वीर सावरकार भाजपा के हैं। हम मानते हैं कि अगर वीर सावरकार भाजपा के हैं तो यह हमारे लिए गर्व की बात है। इसके साथ ही उन्होंने संसद में भारत-पाकिस्तान मैच पर टिप्पणी करने पर राहुल गांधी को नसीहत दी कि वह विदेश नीति और सुरक्षा नीति को एक साथ न देखें।

किसानों के संबंध में केंद्र सरकार की नीति स्पष्ट की और कांग्रेस के 60 साल के शासन की कमियां गिनाईं। रैली में दक्षिण गुजरात के छह जिलों के किसान-कार्यकर्ता मौजूद थे। केंद्र सरकार के बजट में किसानों और गांव को मिली प्राथमिकता पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। किसान मजबूत होगा तो खेती समृद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाए। यूरिया के नाम पर होने वाली कालाबाजारी पर शाह ने कहा कि देश में पहली बार ऐसा हुआ कि बिहार, यूपी और अन्य कुछ राज्यों में यूरिया के लिए पुलिस को लाठीचार्ज नहीं करना पड़ा, नहीं तो हर बार किसान यूरिया के लिए आंदोलन कर पुलिस की लाठी खाते थे। सरकार ने बिचौलियों को खत्म कर दिया, किसानों को आसानी से यूरिया मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी गांवों को सुखी नहीं रख सकती, देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूती नहीं दे सकती। यही वजह है कि कांग्रेस देश के एक-एक राज्य से समाप्त होती जा रही है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह 2017 विधानसभा चुनाव में देश को यह मैसेज दें कि गुजरात भाजपा का गढ़ है।

एक लाख परिवारों को कम ब्याज दर पर पशु उपलब्ध कराएगी राज्य सरकार : आनंदी बेन
रैली में मुख्यमंत्री आनंदी पटेल ने कहा कि गुजरात में पशुओं की संख्या 15 फीसदी बढ़ी है। सरकार ने बजट में तय किया है कि वह एक लाख परिवारों को कम ब्याज दर पर पशु उपलब्ध कराएगी। उन्होंने व्यारा शुगर फैक्ट्री को शुरू कराने में सरकार के प्रयास की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा उमरगांव से अंबाजी के बीच आदिवासी पट्टी में 170 चैक डेम, सौ बड़े चैक डेम, और 180 तालाबों को गहरा करने का निर्णय किया गया है।

रैली को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम रुपाला, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गोरधन झड़फिया, प्रदेश महामंत्री भरत सिंह परमार समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी