Gujarat: प्रधानमंत्री मोदी की गुजरात में वर्चुअल रैली 25 को, सात लाख पेज समिति सदस्य होंगे शामिल

Gujarat गुजरात भाजपा आगामी 25 जनवरी को गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक वर्चुअल रैली की तैयारी कर रही है। नमो एप व इंटरनेट मीडिया के जरिए इसमें पांच से सात लाख पेज समिति सदस्य शामिल होंगे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 20 Jan 2022 08:17 PM (IST) Updated:Thu, 20 Jan 2022 08:17 PM (IST)
Gujarat: प्रधानमंत्री मोदी की गुजरात में वर्चुअल रैली 25 को, सात लाख पेज समिति सदस्य होंगे शामिल
पीएम मोदी 25 जनवरी को गुजरात में करेंगे वर्चुअल रैली। फाइल फोटो

अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में आनलाइन प्रचार में जुटी भाजपा आगामी 25 जनवरी को गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक वर्चुअल रैली की तैयारी कर रही है। नमो एप व इंटरनेट मीडिया के जरिए इसमें पांच से सात लाख पेज समिति सदस्य शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने गुरुवार को करीब 40 हजार कार्यकर्ताओं से इसकी तैयारियों पर चर्चा की। गुजरात प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम से प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने गुरुवार को प्रदेश के 579 स्थलों पर पार्टी के 40 हजार मंडल कार्यकर्ताओं से आनलाइन चर्चा की। उन्होंने 25 जनवरी को गुजरात में होने वाली प्रधानमंत्री मोदी की वर्चुअल रैली की जानकारी दी तथा पेज समिति सदसयों को नमो एप व अन्य इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इस रैली में शामिल होने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी से नमो एप के जरिए संवाद कर सकेंगे
इस मौके पर सीआर पाटिल के साथ गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रदेश भाजपा महामंत्री प्रदीप सिंह वाघेला भी मौजूद रहे। कोरोना गाइडलाइन के चलते यह कार्यकर्ता राज्य के 579 स्थलों पर अधिकतम सौ व इससे कम की संख्या में मौजूद रहे। पांच राज्यों में चुनाव प्रचार के बीच गुजरात भाजपा पांच से 10 लाख पेज समिति सदस्यों की वर्चुअल रैली कर एक रिकार्ड कायम करना चाहती है। अपने घर व कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी से नमो एप के जरिए संवाद कर सकेंगे। प्रदेश मीडिया संयोजक डा यज्ञेश दवे बताते हैं कि राज्य में भाजपा के पेज समिति सदस्यों की संख्या 50 से 60 लाख हैं। इनमें से पांच से सात लाख पेज समिति सदस्य वर्चुअल रैली में शिरकत करेंगे। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री मोदी कार्यकर्ताओं को जनता के साथ संवाद कर उनका दिल जीतने के गुर सिखाएंगे। गौरतलब है कि गुजरात में भाजपा के साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी-अपनी रणनीति के तहत प्रदेश में चुनाव प्रचार कर रही हैं। 

chat bot
आपका साथी