नीति और नेता विहीन भानुमति का कुनबा है विपक्ष: अमित शाह

Amit Shah. अमित शाह ने अहमदाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं से गुजरात की सभी 26 सीटें जीतने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

By BabitaEdited By: Publish:Tue, 12 Feb 2019 10:16 AM (IST) Updated:Tue, 12 Feb 2019 06:25 PM (IST)
नीति और नेता विहीन भानुमति का कुनबा है विपक्ष: अमित शाह
नीति और नेता विहीन भानुमति का कुनबा है विपक्ष: अमित शाह

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक बार फिर विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि विपक्ष भानुमति का कुनबा है जहां न नीति है और न ही नेता है। यह गठबंधन राज्यस्तरीय नेताओं का है जिसका कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला। देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर पीएम चुनने का मन बना लिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के चलते दुबई से आने वालों को सर्दी के मौसम में भी पसीना आने लगा है। मेरा घर भाजपा का घर अभियान के तहत शाह ने अहमदाबाद में सरखेज गांधीनगर हाइवे पर स्थित अपने बंगले रॉयल क्रिसेंट पर भाजपा का ध्वज लहराया तथा स्टीकर चिपकाया। इसके बाद एक बाईक रैली के साथ पं दीनदयाल उपाध्याय सभाखंड पहुंचे। शाह ने यहां कार्यकर्ताओं से गुजरात की सभी 26 सीटें जीतने का संकल्प लेने का आह्वान किया। राज्य के 25 लाख घरों पर भाजपा का ध्वज लहराकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने को कहा।

शाह ने कहा के देश के पांच करोड़ घरों पर मेरा घर भाजपा का घर अभियान के तहत पार्टी ध्वज लगाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही देश के 20 करोड़ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनाने का संकल्प लेंगे। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 73 से एक ज्यादा 74 सीटें जीतेगी। भाजपा एक बार फिर केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाऐगी। शाह ने विपक्ष पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि महागठबंधन भाजपा व प्रधानमंत्री मोदी के डर से बना है। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए अभियान चलाया। उन्होंने महागठबंधन पर यह कह कर तंज कसा कि कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा।

शाह ने कहा विपक्ष के पास न नेता है और न ही नीति। सत्ता पाने के लिए सब एक जुट हुए हैं। पचास साल तक सत्ता के गलियारों में मस्त रहने वाले अब खुद को बचाने में जुटे हैं। विपक्ष की सरकार बनी तो कौन बनेगा पीएमभाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश जानना चाहता है कि महागठबंधन की सरकार बनी तो उनका नेता कौन होगा। सोशल मीडिया पर चल रहे एक मजाक का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि इनकी सरकार बनी तो सोमवार को मायावती पीएम होगी, मंगल को अखिलेश, बुध को चंद्रबाबू, गुरुवार को देवेगौड़ा, शुक्रवार को स्टालिन तो शनिवार को ममता और रविवार को अवकाश। इस तरह शाह ने विपक्ष के नेताओं की सत्ता की भूख व पद लालसा को उजागर करने का प्रयास किया। 

chat bot
आपका साथी