Gujarat Politics: सीआर पाटिल बोले, कांग्रेस विधायक अमरीश डेर के लिए भाजपा में खास जगह

Gujarat गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने यह कहते हुए चौंका दिया कि कांग्रेस विधायक अमरीश डेर के लिए भाजपा में खास जगह है। जिस तरह बस की सीट पर लोग रूमाल रखकर सीट रोक लेते हैं वैसे ही डेर के लिए भाजपा में सीट बुक हो गई।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Thu, 18 Nov 2021 08:19 PM (IST) Updated:Thu, 18 Nov 2021 08:19 PM (IST)
Gujarat Politics: सीआर पाटिल बोले, कांग्रेस विधायक अमरीश डेर के लिए भाजपा में खास जगह
गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा व कांग्रेस जहां अपनी रणनीति बनाने में जुटी है, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने यह कहते हुए चौंका दिया कि कांग्रेस विधायक अमरीश डेर के लिए भाजपा में खास जगह है। जिस तरह बस की सीट पर लोग रूमाल रखकर सीट रोक लेते हैं, वैसे ही डेर के लिए भाजपा में सीट बुक हो गई है। उधर, कांग्रेस विधायक डेर ने भाजपा में शामिल होने की बात का खंडन करते हुए कहा है कि बोलने की सबको आजादी है, लेकिन वे कहीं नहीं जा रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने इसे भाजपा की गुटबाजी से ध्यान हटाने की रणनीति का हिस्सा बताया है। गुजरात में पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कई बार तथा राज्यसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस विधायक टूटकर भाजपा के खेमे में शामिल हुए, लेकिन करीब दो साल से कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखे हुए है।

अमरीश डेर ने कहा, कांग्रेस नहीं छोड़ रहे

गुजरात भाजपा की कमान संभालने के बाद पाार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने भी कहा था कि अब किसी कांग्रेस विधायक को भाजपा में शामिल नहीं करेंगे। गुरुवार को अमरेली जिले के बाबरियाधार में आयोजित एक समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधायक अमरीश डेर के लिए भाजपा में खास जगह है। भाजपा के कई नेता कांग्रेस विधायक के करीबी मित्र भी हैं। पाटिल ने कहा कि जिस तरह सीट पर रूमाल रखकर बस में सीट रोक ली जाती है, वैसे ही भाजपा में डेर की सीट बुक है। पाटिल शायद डेर को भाजपा में टिकट पक्का होने की गारंटी दे रहे हैं, लेकिन अमरेली की राजुला सीट से कांग्रेस विधायक डेर का कहना है कि ऐसी अफवाहें पहले भी चली थी, वे कांग्रेस नहीं छोड़ रहे हैं। पाटिल बोलने के लिए स्वतंत्र हैं, अपनी भावना के अनुरूप जो भी बोलना चाहें, लेकिन मैं भाजपा में शामिल नहीं हो रहा हूं। गौरतलब है कि गत दिनों राज्य के ऊर्जा राज्यमंत्री मुकेश पटेल ने डेर के साथ मुलाकात की थी। इस मुलाकात की फोटो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। इसके बाद यह अटकलें शुरू हुईं। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी का कहना है कि नई सरकार के बाद प्रदेश भाजपा में गुटबाजी सतह पर आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व भाजपा सांसद की तकरार जगजाहिर है। भाजपा इससे ध्यान हटाने के लिए ऐसा कर रही है।

भाजपा सांसद पर भड़के विजय रूपाणी

गुजरात में राजकोट सौराष्ट्र की राजनीति की अपनी एक चाल है। शहर भाजपा कार्यालय पर विजय रूपाणी के नाम से बने लेटर बाक्स पर गलती से मुख्यमंत्री लिखे जाने पर भी पार्टी में खींचतान मचने लगी है। एक दिन पहले ही राजकोट में आयोजित एक समारोह में राज्यसभा सदस्य रामभाई मोकरिया व विधायक गोविंद पटेल के मंच पर तख्ती को लेकर विवाद हुआ तो रूपाणी ने सांसद से कहा कि आपको मेरे से बात करने की कोई जरूरत नहीं है। गुजरात के सत्ता के गलियारों में इस विवाद पर खूब चर्चा हो रही है।

chat bot
आपका साथी