Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड सीटों पर जीत, भूपेंद्र पटेल के सिर जीत का सेहरा

साल 2002 के दौरान हुए गोधरा कांड दंगों के महीनों बाद कराए गए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने अबतक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। पार्टी ने 2002 में कुल 127 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद से पार्टी का विजय रथ लगातार नीचे की ओर जा रहा था।

By Amit SinghEdited By: Publish:Thu, 08 Dec 2022 06:28 PM (IST) Updated:Thu, 08 Dec 2022 06:50 PM (IST)
Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड सीटों पर जीत, भूपेंद्र पटेल के सिर जीत का सेहरा
भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में भाजपा के सिर जीत का सेहरा

अहमदाबाद, ऑनलाइन डेस्क: गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड जीत हासिल करने की ओर लगातार बढ़ रही है। प्रदेश की कुल 182 सीटों में से भाजपा को शाम 6.00 बजे तक कुल 142 सीटों पर जीत हासिल हुई है। साथ ही पार्टी 14 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। गुजरात विधानसभा में जादुई आंकड़ा 92 सीटों का है। प्रदेश में भाजपा की यह प्रचंड जीत अपने आप में इतिहास है, क्योंकि अभी तक सिर्फ कांग्रेस ने साल 1985 में माधवसिंह सोलंकी के नेतृत्व में 149 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, मौजूदा स्थिति में कांग्रेस के सियासी हालतों पर नजर डालें तो शाम पांच बजे तक पार्टी को महज 11 सीटों पर ही जीत हासिल हुई। प्रदेश में कांग्रेस का यह अबतक का सबसे बदतर प्रदर्शन है। वहीं, गुजरात में पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी ने भी चार सीटों पर जीत दर्ज की और एक पर बढ़त बनाए हुए है।

Gujarat Election Result 2022: गुजरात की इकलौती सीट जहां चली अखिलेश की 'साइकिल', लेडी डॉन के बेटे ने किया कमाल

प्रदेश में भाजपा का सियासी सफर

गुजरात में साल 2002 के दौरान हुए गोधरा कांड दंगों के महीनों बाद कराए गए प्रदेश विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने अबतक का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया था। पार्टी ने 2002 में कुल 127 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद से पार्टी का विजय रथ लगातार नीचे की ओर जा रहा था, लेकिन आज आए परिणामों ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 115 सीटें मिली थी, तो साल 2017 में बीजेपी कुल 99 सीटों पर ही जीत दर्ज की थी। गुजरात में भाजपा का यह आठवां कार्यकाल होगा, साल 1995 के बाद से भाजपा प्रदेश में कोई चुनाव नहीं हारी है।

भूपेंद्र पटेल की सीएम के तौर पर भूमिका

भूपेंद्र पटेल गुजरात की घाटलोदिया विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने 13 सितंबर, 2021 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। भूपेंद्र पटेल के कंधों पर ही प्रदेश में भाजपा की जीत की जिम्मेदारी थी, चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि पटेल ने यह जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। गुजरात में भाजपा अपनी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। ऐसे में पार्टी के प्रदेश प्रमुख सीआर पाटिल ने घोषणा की है कि भूपेंद्र पटेल ही अगले सीएम के रूप में शपथ लेंगे।

आम आदमी पार्टी के फीके पड़े वादे और दावे

आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा बने ईसुदान गढ़वी खंभालिया सीट से चुनाव हार गए। सूरत कि वराछा सीट से चुनाव लड़ रहे पाटीदार नेता अल्पेश कथिरिया, ओलपाड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं धार्मिक मालवीय एवं कतारगाम सीट से चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया चुनाव हार गए। इसके अलावा कच्छ जिले की भुज सीट से आम आदमी पार्टी के कैलाश दान गढवी भी चुनाव हार गए। ले‍किन आप ने इस चुनाव में 5 सीट जीत कर गुजरात विस चुनाव में पहली सफलता हासिल की। आप के निशान पर चुनाव जीतने वाले सामान्‍य कार्यकर्ता हैं, इनमें गारियाधर से सुधीर वाघाणी, बोटाद से उमेश मकवाणा, डेडियापाडा से चैतर वसावा, जामजोधपुर से हेमंत आहीर एवं विसावदर सीट भूपेंद्र बायाणी ने चुनाव जीता। विसावदर पूर्व मुख्‍यमंत्री केशुभाई पटेल की परंपरागत सीट रही। इस सीट से गत चुनाव में कांग्रेस के हर्षद रीबडिया चुनााव जीते थे, इस चुनाव में वे भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे थे।

अमित शाह ने प्रदेश के लोगों का किया धन्यवाद

गुजरात में प्रचंड जीत के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि, राज्य के लोगों ने खोखले वादे, रेवड़ी व तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को नकार कर विकास एवं जनकल्याण को समर्पित पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश दिया है। शाह ने अपने ट्वीट में कहा कि गुजरात ने हमेशा इतिहास रचने का काम किया है और राज्य में इस ऐतिहासिक जीत पर गुजरात की जनता को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ने गुजरात में विकास के सभी रिकॉर्ड तोड़े और आज गुजरात की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर जीत के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिये। अमित शाह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत है।

गुजरात मॉडल को जनता का समर्थन

गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा की स्पष्ट बढ़त के बीच संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि गुजरात मॉडल का समर्थन और लोगों द्वारा स्वीकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात मॉडल को 2000-2001 से लोगों द्वारा समर्थन और स्वीकार किया जा रहा है। हम जो मॉडल देश के सामने पेश कर रहे हैं, उसे स्वीकार किया जा रहा है। मैं गुजरात के लोगों और भाजपा और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मतदान के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।

यह भी पढ़े: LIVE Gujarat Election Result 2022: BJP की जीत पर PM Modi बोले- यह कार्यकर्ताओं की मेहनत के बिना संभव नहीं होती

chat bot
आपका साथी