गुजरात कांग्रेस घोषणा पत्र में आम आदमी पार्टी की छाप: बिजली हाफ, कन्या फीस माफ

गुजरात कांग्रेस की तीन दिवसीय चिंतन बैठक के आखिरी दिन द्वारका घोषणा पत्र जारी किया गया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना एक विजन डॉक्यूमेंट भी पेश किया है। कांग्रेस ने 10 लाख युवाओंको नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Mon, 28 Feb 2022 12:12 PM (IST) Updated:Mon, 28 Feb 2022 12:12 PM (IST)
गुजरात कांग्रेस घोषणा पत्र में आम आदमी पार्टी की छाप: बिजली हाफ, कन्या फीस माफ
कांग्रेस की तीन दिवसीय चिंतन बैठक के आखिरी दिन द्वारका घोषणा पत्र जारी

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात कांग्रेस ने अपने द्वारका घोषणा पत्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर बिजली हाफ, कन्या शिक्षा फीस माफ का वादा दोहराया है। कांग्रेस ने कोरोना में मारे गए लोगों के पीड़ित परिजनों को 4-4 लाख रुपए का मुआवजा तथा राजस्थान की तर्ज पर गुजरात में भी पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने का वादा किया है।

गुजरात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने प्रदेश कांग्रेस की तीन दिवसीय चिंतन बैठक के आखिरी दिन द्वारका घोषणा पत्र जारी किया। इसमें गुजरात के प्रमुख डेढ़ दर्जन मुद्दों को उठाया गया है साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना एक विजन डॉक्यूमेंट भी पेश किया है। चिंतन शिविर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी डा रघु शर्मा ने भी संबोधित किया उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राहुल गांधी के भाषण की चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।

शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस के विधायक एवं पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत एवं एकजुटता से लड़ने का आह्वान किया। गुजरात कांग्रेस का प्रभारी पद संभालने के बाद से रघु शर्मा ने संगठन में कई आमूलचूल परिवर्तन किए हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता विपक्ष का चुनाव था जिसमें एकजुटता के साथ दोनों पदों के लिए नए नेताओं का चुनाव कर उन्होंने प्रदेश में भंवर में फंसी पार्टी को उबारने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए और सक्षम बनाया है।

500 में गैस सिलेंडर

कांग्रेस के द्वारका संकल्प पत्र पर राजस्थान सरकार तथा दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार की छाप भी नजर आती है। बिजली बिल माफ करने कन्या शिक्षा को मुक्त करने पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू करने तथा 500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे इस संकल्प पत्र में शामिल किए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के लिए महात्मा गांधी शिक्षा संकुल नाम से माडल स्कूल केंपस बनाने कांग्रेस की सरकार बनने पर मौजूदा जमीन की चकबंदी को कैबिनेट की पहली बैठक में रद करने तथा नए सिरे से जमीन की माप कराने का वादा किया है।

5 लाख को सरकारी नौकरी

कांग्रेस ने अपने इस घोषणापत्र में 10 लाख युवाओं को नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया है। इनमें से 5 लाख को सरकारी नौकरी देने के लिए एक भर्ती कैलेंडर की भी घोषणा की गई है। इसके अलावा कांग्रेस में राज्य में कानून व्यवस्था को स्थापित करने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं शहरों के हर एक वार्ड में तिरंगा क्लीनिक खोलने की घोषणा की है। कोरोना महामारी के दौरान राज्य में बड़ी संख्या में लोगों को माल का नुकसान हुआ करीब 90 हजार पीड़ित परिवार को सरकार 50-50 हजार की मुआवजा राशि दे चुकी है जबकि कांग्रेस ने प्रदेश में कोविड न्याय यात्रा निकालकर कुर्ला में मारे गए लोगों के परिजनों को ₹4-4 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है। चिंतन शिविर को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने भी संबोधित किया, उनके अलावा सांसद अमी याग्निक, नेता विपक्ष सुखराम ने भी कांग्रेस के विजन डाक्यूमेंट पर प्रकाश डाला,  पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी, पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया, पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश कांग्रेस के 500 से अधिक नेता शामिल हुए।

chat bot
आपका साथी