नेशंस फुटबॉल लीग में डेनमार्क ने इंग्लैंड को हराया, फ्रांस और पुर्तगाल भी जीते

क्रिस्टियन एरिक्सन ने डेनमार्क की तरफ से अपना 100वां मैच खेलते हुए गोल दागा जिससे उनकी टीम यूएफा नेशंस फुटबॉल लीग में इंग्लैंड पर 1-0 से जीत दर्ज करने में सफल रही। इंग्लैंड को इस मैच में पहले हाफ से ही 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 15 Oct 2020 08:30 PM (IST) Updated:Thu, 15 Oct 2020 08:30 PM (IST)
नेशंस फुटबॉल लीग में डेनमार्क ने इंग्लैंड को हराया, फ्रांस और पुर्तगाल भी जीते
डेनमार्क फुटबॉल टीम ने इंग्लैंड को हराया (एपी फोटो)

लंदन, एपी। क्रिस्टियन एरिक्सन ने डेनमार्क की तरफ से अपना 100वां मैच खेलते हुए गोल दागा, जिससे उनकी टीम यूएफा नेशंस फुटबॉल लीग में इंग्लैंड पर 1-0 से जीत दर्ज करने में सफल रही। इंग्लैंड को इस मैच में पहले हाफ से ही 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। रेफरी ने निर्णय समीक्षा प्रणाली (वार) के जरिये डेनमार्क को पेनाल्टी दी और इंग्लैंड के हैरी मैगुआयर को बाहर भेज दिया था। एरिक्सन ने 35वें मिनट में मिली इस पेनाल्टी को गोल में बदला। यह उनका अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 34वां गोल है। इंग्लैंड इस हार से डेनमार्क और बेल्जियम के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गया है।

बेल्जियम ने एक अन्य मैच में आइसलैंड को 2-1 से हराया। बेल्जियम की तरफ से दोनों गोल स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने किए। उधर, ग्रुप-तीन में फ्रांस और पुर्तगाल ने अपने-अपने मैच जीतकर एक-दूसरे के समान अंक बनाए रखे। फ्रांस ने जगरेब में खेले गए मैच में क्रोएशिया को 2-1 से मात दी जबकि पुर्तगाल ने लिस्बन में सुपरस्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अनुपस्थिति में भी स्वीडन को 3-0 से शिकस्त दी।

रोनाल्डो कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाए। पुर्तगाल की तरफ से डिएगो जोटा ने दो गोल दागे। उन्होंने टीम को रोनाल्डो की कमी नहीं खलने दी, जो अभी क्वारंटाइन पर हैं। जोटा ने 21वें मिनट में बर्नाडो सिल्वा को पहला गोल करने में मदद की तथा फिर 44वें और 72वें मिनट में स्वयं गोल दागे।

फ्रांस की क्रोएशिया पर 2-1 की जीत में कायलिन एमबापे ने निर्णायक गोल किया। फॉरवर्ड एंटोनी ग्रीजमैन ने फ्रांस को बढ़त दिलाई, लेकिन मिडफील्डर निकोला व्लासिच ने क्रोएशिया की तरफ से बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद एमबापे ने अपना 16वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागकर फ्रांस की जीत सुनिश्चित की। क्रोएशिया कभी फ्रांस को नहीं हरा पाया है। फ्रांस ने उसे नेशंस लीग के पिछले मुकाबले और 2018 के विश्व कप फाइनल में 4-2 के समान स्कोर से हराया था।

क्रोएशिया को 1998 के विश्व कप सेमीफाइनल में भी फ्रांस से हार झेलनी पड़ी थी। ग्रुप-तीन में पुर्तगाल और फ्रांस दोनों के समान 10 अंक हैं। पुर्तगाल बेहतर गोल अंतर के कारण शीर्ष पर है। इन दोनों टीमों के बीच मैच 14 नवंबर को खेला जाएगा। बर्गामो में खेले गए मैच में नीदरलैंड्स और इटली के बीच मैच 1-1 से बराबर रहा। इससे लीग-ए के ग्रुप-एक में पोलैंड शीर्ष पर पहुंच गया। पोलैंड ने एक अन्य मैच में बोस्निया हर्जेगोविना को 3-0 से शिकस्त दी।

chat bot
आपका साथी