Box Office: शाहिद-श्रद्धा का 'मीटर चालू', पर दूसरे दिन भी 'बत्ती गुल', कमाई में इतनी बढ़त

दो दिनों की कमाई के मद्देनज़र फ़िल्म को ओपनिंग वीकेंड में सम्मानजनक स्कोर करने के लिए रविवार को बड़ी जंप लेनी होगी। टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड में शामिल होने की उम्मीद ख़त्म हो चुकी है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 12:46 PM (IST) Updated:Mon, 24 Sep 2018 04:32 PM (IST)
Box Office: शाहिद-श्रद्धा का 'मीटर चालू', पर दूसरे दिन भी 'बत्ती गुल', कमाई में इतनी बढ़त
Box Office: शाहिद-श्रद्धा का 'मीटर चालू', पर दूसरे दिन भी 'बत्ती गुल', कमाई में इतनी बढ़त

मुंबई। शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर की फ़िल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' ने अनुमान से कम ओपनिंग लेने के बाद दूसरे दिन बॉक्स ऑफ़िस पर बढ़त तो हासिल की, मगर वो भी मामूली। फ़िल्म ने वीकेंड के दूसरे दिन यानि शनिवार को लगभग 17 फ़ीसदी की उछाल ली, जिसके साथ दो दिनों का कलेक्शन ₹14 करोड़ से अधिक हो गया है।

शुक्रवार (21 सितम्बर) को सिनेमाघर में पहुंची 'बत्ती गुल मीटर चालू' को ₹6.76 करोड़ की ओपनिंग मिली, जो ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुमान से कम रही। शनिवार को फ़िल्म ने जंप लेते हुए ₹7.96 करोड़ का कलेक्शन किया, जो पहले दिन के मुक़ाबले ₹1.20 करोड़ अधिक रहा। दो दिनों में 'बत्ती गुल मीटर चालू' ने ₹14.72 करोड़ का कलेक्शन किया है। फ़िल्म की रफ़्तार बता रही है कि ओपनिंग वीकेंड में इसे सम्मानजनक कलेक्शन करने के लिए रविवार को तगड़ी उछाल लेनी होगी। रविवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व भी मनाया जा रहा है। मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में गणपति को विदा किया जा रहा है। ऐसे में 'बत्ती गुल मीटर चालू' के कलेक्शंस पर असर पड़ने की सम्भावना है।

श्रीनारायण सिंह निर्देशित 'बत्ती गुल मीटर चालू' की कहानी बिजली विभाग में बिलों को लेकर होने वाली लापरवाही और भ्रष्टाचार को उजागर करती है। उत्तराखंड राज्य में सेट इस कहानी में शाहिद के साथ श्रद्धा, दिव्येंदु शर्मा और यामी गौतम मुख्य किरदारों में हैं। समीक्षकों ने फ़िल्म को मिली-जुली रेटिंग्स दी हैं। श्रीनारायण ने इससे अक्षय कुमार के साथ 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' बनायी थी, जो खुले में शौच के मुद्दे को रेखांकित करती है और इसकी कहानी उत्तर प्रदेश के मथुरा ज़िले में केंद्रित की गयी थी। 'टॉयलेट' बॉक्स ऑफ़िस हिट रही थी। समीक्षकों का मानना है कि 'बत्ती गुल...' के साथ श्रीनारायण वैसा असर पैदा नहीं कर सके। 

शाहिद कपूर की इस साल यह दूसरी फ़िल्म है। जनवरी में वो संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' में महारावल रतन सिंह के किरदार में नज़र आये थे, जिसने बॉक्स ऑफ़िस पर ₹300 करोड़ से अधिक जमा किये थे। हालांकि इस सफलता में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण बराबर के भागीदार बने। श्रद्धा कपूर की भी यह दूसरी रिलीज़ है। इससे पहले आयी उनकी 'स्त्री' ₹116 करोड़ का कलेक्शन करके ब्लॉकबलस्टर हो चुकी है। हालांकि 'स्त्री' के मुक़ाबले 'बत्ती गुल मीटर चालू' की शुरुआत में फीकी रही है। 

दो दिनों की कमाई के मद्देनज़र फ़िल्म को ओपनिंग वीकेंड में सम्मानजनक स्कोर करने के लिए रविवार को बड़ी जंप लेनी होगी। हालांकि इस साल के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड में शामिल होने की उम्मीदें पहले ही धराशायी हो चुकी हैं। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म का कलेक्शन ₹25 करोड़ के आस-पास रहने की सम्भावना है। 2018 के Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट इस प्रकार है-

10. दसवें स्थान पर आ गयी है 'धड़क', जिसने ₹33.67 करोड़ रिलीज़ के पहले तीन दिनों में जमा किये हैं। शशांक खेतान निर्देशित फ़िल्म को करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है।

9. नौवें स्थान पर आ गयी है 'वीरे दी वेडिंग', जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹36.52 करोड़ जमा किये। एक जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म को शशांक घोष ने डायरेक्ट किया है। चार दोस्तों की इस कहानी में करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सुमित व्यास ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं।

8. ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की लिस्ट में आठवें नंबर पर 'पैडमैन' है, जिसने ₹40.05 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस बायोपिक फ़िल्म में अक्षय कुमार ने अरुणाचलम मुरुगनाथम का किरदार निभाया, जबकि राधिका आप्टे उनकी पत्नी के किरदार में थीं। सोनम कपूर ने भी फ़िल्म में एक अहम किरदार प्ले किया था। अक्षय और निर्देशक आर बाल्की का ये पहला एसोसिशन था। 'पैडमैन' हिट रही।

7. सातवें स्थान पर खिसक गयी है राजकुमार गुप्ता निर्देशित 'रेड', जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹41.01 करोड़ जमा किये। इस फ़िल्म में अजय देवगन ने इनकम टैक्स अधिकारी का रोल निभाया। इलियाना डिक्रूज़ ने उनकी पत्नी का किरदार प्ले किया। ₹100 करोड़ से अधिक कमाकर ये फ़िल्म भी हिट रही।

6. छठे स्थान पर जॉन अब्राहम की फ़िल्म सत्यमेव जयते है, जिसने ₹56.91 करोड़ 5 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में जमा किये हैं, जबकि तीन दिनों में फ़िल्म न 37.62 करोड़ का कलेक्शन किया था।

5. पांचवें स्थान पर अक्षय कुमार की गोल्ड आ गयी है। इस फ़िल्म ने रिलीज़ के 5 दिनों में ₹71.30 करोड़ का कलेक्शन किया है। जबकि तीन दिन में फ़िल्म का कलेक्शन ₹43.75 करोड़ था।

4. ओपनिंग वीकेंड की लिस्ट में चौथे स्थान पर टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी2' है, जिसे अहमद ख़ान ने डायरेक्ट किया। इस एक्शन-रोमांटिक फ़िल्म में दिशा पाटनी पहली बार टाइगर के साथ आयीं। एक्शन को लेकर टाइगर की इमेज के चलते फ़िल्म ने ₹73.10 करोड़ का शानदार ओपनिंग वीकेंड किया।

3. तीसरे स्थान पर है रेस 3, जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹106.47 करोड़ जमा किया है। रेमो डिसूज़ा निर्देशित फ़िल्म में सलमान के अलावा बॉबी देओल, जैकलीन फ़र्नांडिस, अनिल कपूर, साक़िब सलीम और डेज़ी शाह ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

2. लिस्ट में 'पद्मावत' दूसरे स्थान पर है। संजय लीला भंसाली की इस मैग्नम ओपस ने ₹114 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसमें ₹19 करोड़ पेड प्रीव्यूज़ का भी शामिल है। पद्मावत काफ़ी समय तक विवादों में भी रही थी, जिसकी वजह से इसे 2017 से हटाकर 2018 में रिलीज़ किया गया। फ़िल्म में दीपिका पादुकोण ने चित्तौड़ की रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने राजा महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था। पद्मावत 2018 की पहली ₹300 करोड़ की फ़िल्म भी है। हालांकि बजट अधिक होने की वजह से फ़िल्म बहुत फ़ायदे में नहीं माना गया है।

1. ₹120.06 करोड़ के साथ Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट में टॉप पर है संजू। राजकुमार हिरानी निर्देशित संजय दत्त की इस बायोपिक में रणबीर कपूर, परेश रावल, सोनम कपूर, विक्की कौशल और मनीषा कोईराला ने मुख्य किरदार निभाये।

chat bot
आपका साथी