Love Aaj Kal Box Office Collection Prediction: क्या जवानी जानेमन से आगे निकल पाएगी लव आज कल? जानिए क्याहै अनुमान

Love Aaj Kal Box Office Collection Prediction लव आज कल में कार्तिक और सारा पहली बार साथ आ रहे हैं। इन दोनों को लेकर डेटिंग की अफ़वाहें भी उड़ती रही हैं। ऐसे में यह फ्रेश जोड़ी दर्शकों को आकर्षित कर सकती है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Wed, 12 Feb 2020 07:10 PM (IST) Updated:Fri, 14 Feb 2020 12:32 PM (IST)
Love Aaj Kal Box Office Collection Prediction: क्या जवानी जानेमन से आगे निकल पाएगी लव आज कल? जानिए क्याहै अनुमान
Love Aaj Kal Box Office Collection Prediction: क्या जवानी जानेमन से आगे निकल पाएगी लव आज कल? जानिए क्याहै अनुमान

नई दिल्ली, जेएनएन। सैफ़ अली ख़ान की जवानी जानेमन के ठीक 14 दिन बाद उनकी बेटी सारा अली ख़ान की फ़िल्म लव आज कल सिनेमाघरों में पहुंच गयी है, जो सैफ़ वाली लव आज कल का ही अपडेटेड वर्ज़न है। दोनों ही फ़िल्मों का निर्देशन इम्तियाज़ अली ने किया। वैलेंटाइन डे पर रिलीज़ हुई फ़िल्म में सारा के अपोज़िट कार्तिक आर्यन लीड रोल में हैं। पिता और बेटी के इस बॉक्स ऑफ़िस टकराव पर सबकी निगाहें टिकी हैं। ख़ास बात यह है कि जवानी जानेमन में सैफ़ की बेटी के किरदार के लिए पहले सारा का ही नाम आ रहा था, जो बाद में आलिया फर्नीचरवाला को मिला। 

लव आज कल से उम्मीदों की बात करें तो कार्तिक इन दिनों बॉक्स ऑफ़िस पर छाये हुए हैं। बैक-टू-बैक कई सफलताएं अपने निर्माताओं को दिलवा चुके हैं। वहीं, अपनी अदाकारी से दर्शकों के दिल में भी एक भरोसा जगाते हैं कि फ़िल्म में मनोरंजन की मात्रा कम नहीं होगी। ज़ाहिर है कि लव आज कल से दर्शकों और ट्रेड दोनों को ही अपेक्षाएं हैं। लव आज कल के फेवर में जो सबसे बड़ी बात जाती है, वो यह कि 14 फरवरी को यह सोलो रिलीज़ है। इसके साथ कोई बड़ी फ़िल्म नहीं आयी है।

लव आज कल में कार्तिक और सारा पहली बार साथ आये हैं। इन दोनों को लेकर डेटिंग की अफ़वाहें भी उड़ती रही हैं। ऐसे में यह फ्रेश जोड़ी दर्शकों को आकर्षित कर सकती है। कार्तिक का ट्रैक रिकॉर्ड, सारा की फ्रेशनेस और इम्तियाज़ अली का साथ लव आज कल के फेवर में जाता है।

इन सभी बातों के मद्देनज़र ट्रेड को फ़िल्म से बेहतरीन ओपनिंग की उम्मीद है। अगर ट्रेड मैगज़ीन सुपर सिनेमा के अनुमान को सही मानें तो फ़िल्म 11-13 करोड़ की कमाई पहले दिन कर सकती है। कार्तिक की पिछली फ़िल्म पति पत्नी और वो ने 9.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी। उससे पहले आयी लुकाछुपी ने पहले दिन 8.01 करोड़ कमाये थे। 2018 में आयी सोनू के टीटू की स्वीटी को 6.42 करोड़ की ओपनिंग मिली थी।

पिछले हफ्ते या उससे पहले जो फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं, उनका असर बॉक्स ऑफ़िस पर बेहद कम हो गया है। स्ट्रीट डांसर 3डी, पंगा, जवानी जानेमन, मलंग और शिकारा सिनेमाघरों में चल तो रही हैं, मगर बहुत बड़ी तादाद में दर्शक नहीं खींच पा रहीं। वहीं, अजय देवगन की तानाजी- द अनसंग वॉरियर की रिलीज़ को एक महीने से अधिक हो चुका है। ऐसे में लव आज कल के सामने कोई तगड़ी चुनौती नहीं है।

chat bot
आपका साथी