Box Office Disasters 2019: ये 8 फ़िल्में अगर चल जातीं तो इस साल कुछ और होती बॉक्स ऑफ़िस की तस्वीर

Box Office Disasters 2019 अर्जुन कपूर की इंडियाज़ मोस्ट वांटेड भी बॉक्स ऑफ़िस पर बड़ी रकम जुटाने में नाकामयाब रही। अब वो पानीपत में नज़र आएंगे।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Wed, 04 Dec 2019 08:45 AM (IST) Updated:Wed, 04 Dec 2019 07:51 PM (IST)
Box Office Disasters 2019: ये 8 फ़िल्में अगर चल जातीं तो इस साल कुछ और होती बॉक्स ऑफ़िस की तस्वीर
Box Office Disasters 2019: ये 8 फ़िल्में अगर चल जातीं तो इस साल कुछ और होती बॉक्स ऑफ़िस की तस्वीर

नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2019 का सफ़र आख़िरी महीने में पहुंच चुका है। इन 11 महीनों में बॉक्स ऑफ़िस पर कई ऐसी फ़िल्में आयीं, जिन्होंने 100, 200, 300 करोड़ क्लबों में एंट्री ली। वहीं कई फ़िल्में ऐसी रहीं, जो अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरीं और तमाम उम्मीदों को धता बताते हुए बॉक्स ऑफ़िस पर ढेर हो गयीं।

29 नवंबर को रिलीज़ हुई अनीस बज़्मी की पागलपंती साल 2019 की बड़ी विफलताओं में शुमार हो गयी है। फ़िल्म में जॉन अब्राहम, अनिल कपूर, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला जैसे एक्टर होने के बावजूद फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर उठ नहीं सकी। पहले हफ़्ते में फ़िल्म ने 30 करोड़ के आसपास कलेक्शन किया है।

पल पल दिल के पास से सनी देओल के बेटे करण देओल ने बॉलीवुड पारी शुरू की। इस फ़िल्म को सनी देओल ने ही डायरेक्ट किया। करण का डेब्यू सोशल मीडिया में चर्चित तो रहा, मगर फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर कोई करिश्मा दिखाने में सफल नहीं हुई। लगभग 5 करोड़ का कलेक्शन करके पल पल दिल के पास को फ्लॉप करार दिया गया। 

सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी वाली जबरिया जोड़ी भी इस साल की बड़ी असफलताओं में शामिल है। बिहार के पकड़वा शादियों की थीम पर बनी रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म 14.50 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही। 

Loading…

अर्जुन कपूर की इंडियाज़ मोस्ट वांटेड भी बॉक्स ऑफ़िस पर बड़ी रकम जुटाने में नाकामयाब रही। सिर्फ 11.50 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन करके फ़िल्म फ्लॉप घोषित की गयी। अर्जुन की अब पानीपत 6 दिसम्बर को रिलीज़ हो रही है। 

अनिल कपूर, राजकुमार राव और सोनम कपूर की एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा भी बड़ी असफलताओं में शुमार है। फ़िल्म एक सामान्य परिवार की लड़की की दूसरी लड़की के प्रति यौनाकर्षण के संजीदा विषय पर आधारित थी। इस फ़िल्म को 3.30 करोड़ की ओपनिंग मिली, मगर 20 करोड़ के आसपास ही कमा सकी।

इमरान हाशमी की व्हाय चीट इंडिया भी 11 महीनों की बड़ी फ्लॉप साबित हुई। इस फ़िल्म के साथ इमरान ने बॉलीवुड में बतौर प्रोड्यूसर पारी शुरू की। फ़िल्म ने महज़ 1.71 करोड़ की ओपनिंग ली और 7.80 करोड़ जमा करके फ्लॉप रही। यह फ़िल्म व्यावसायिक शिक्षा संस्थानों में दाख़िले के लिए काम करने वाले शिक्षा माफ़िया को एक्सपोज़ करने की कहानी पर आधारित थी।

सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे 150 करोड़ से अधिक कमाकर बॉक्स ऑफ़िस पर सुपरहिट हो गयी है, मगर उनकी सोन चिड़िया इस साल की बड़ी फ्लॉप फ़िल्मों में शामिल है। इस फ़िल्म ने 1.20 करोड़ पहले दिन कमाये और 6.60 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन ही कर सकी। फ़िल्म की कहानी दर्शकों को उस दौर में ले जाती है, जब चम्बल की घाटी और आस-पास के इलाक़े डाकुओं के ख़ौफ़ से आतंकित रहते थे। फ़िल्म में भूमि पेडनेकर ने फीमेल लीड रोल निभाया था। 

करण जौहर के बैनर तले बनी कलंक इस साल की डिजास्टर फ़िल्मों में टॉप पर है। अभिषेक वर्मन निर्देशित इस फ़िल्म को भव्य बनाने में मेकर्स ने कोई कसर नहीं छोड़ी। आलीशान सेट से लेकर बेहतरीन स्टार कास्ट फ़िल्म की मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थे। मगर 81 करोड़ के आसपास कमाकर फ़िल्म फ्लॉप घोषित की गयी।

chat bot
आपका साथी