The Immortal Ashwatthama से लेकर 'इंशाअल्लाह' तक, ठंडे बस्ते में गई बॉलीवुड की ये बड़ी फिल्में

बॉलीवुड में एक से एक बड़ी बजट और कम बजट वाली फिल्मों का निर्माण होता है। इनमें से कुछ फिल्मों को रिलीज होने के बाद लोगों से खूब प्यार मिलता है तो कुछ फ्लॉप भी हो जाती हैं। वहीं कुछ फिल्में तो ऐसी भी हैं जिनकी घोषणा तो होती हैं लेकिन कभी रिलीज नहीं हो पाती। आज हम आपको कुछ ऐसी ही फिल्मों के बारे में बताएंगे।

By Rajshree Verma Edited By: Rajshree Verma Publish:Fri, 26 Apr 2024 06:30 AM (IST) Updated:Fri, 26 Apr 2024 06:30 AM (IST)
The Immortal Ashwatthama से लेकर 'इंशाअल्लाह' तक, ठंडे बस्ते में गई बॉलीवुड की ये बड़ी फिल्में
वो फिल्में जो घोषणा के बाद बंद हो गईं (Photo Credit: Instagram)

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड फिल्मों के दीवाने दुनिया भर में मौजूद हैं। यहां हर साल कई फिल्में रिलीज होती हैं और जब मेकर्स इन फिल्मों की घोषणा करते हैं, तभी से ये सुर्खियों में आ जाती हैं। इनमें से कुछ फिल्में बुरी तरह पिट जाती हैं, तो कुछ बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर अलग इतिहास बनाती हैं। वहीं, कुछ फिल्में ऐसी भी होती हैं, जो अधूरी रह जाती हैं।

जी हां, ऐसी कई फिल्में हैं जो शुरू होने से पहले ही डिब्बा बंद हो गईं। आज हम आपको उन्हीं बॉलीवुड फिल्मों के बारे में बताने वाले हैं, जिनकी अनाउंसमेंट तो बहुत जोरों-शोरों के साथ हुई, लेकिन कभी बन ही नहीं पाई या फिर बंद हो गई। चलिए जानते हैं उनके बारे में।

यह भी पढ़ें: सिनेमा की 'जोहरा जबीं' आखिरी वक्त में हुईं पाई-पाई को मोहताज, दर्दनाक था अंत, कंधा देने भी नहीं आए अपने

द इम्मोर्टल अश्वत्थामा

'द इम्मोर्टल अश्वत्थामा' का निर्देशन आदित्य धर करने वाले थे और लीड रोल में विक्की कौशल दिखाई देने वाले थे। फिल्म का एलान साल 2021 में किया गया था, लेकिन फिर इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। हाल ही में आर्टिकल 370 की रिलीज के दौरान आदित्य ने इसे लेकर बात की और बताया कि वह इस फिल्म को जरूर बनाएंगे।

उनका कहना है कि वीएफएक्स तकनीक इतनी महंगी है कि फिलहाल उसका खर्च उठा पाना संभव नहीं है। जब तक वीएफएक्स का कॉस्ट कम न हो जाए या फिर थिएटर की संख्या बढ़ न जाए। तब तक फिल्म बनाने के लिए सोचना होगा।

तख्त

'तख्त' करण जौहर के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक रही है। इस मूवी का निर्देशन खुद करण ही करने वाले थे, लेकिन फिल्म कभी शुरू ही नहीं हो पाई। इस मूवी का एलान 2020 में हुआ था। साथ ही यह भी खबरें आई कि इसमें रणवीर सिंह, करीना कपूर खान और आलिया भट्ट समेत कई बड़े स्टार्स दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, अब यह फिल्म शुरू होगी या नहीं इसे लेकर कोई जानकारी नहीं है।

इंशाअल्लाह

इस फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली करने वाले थे। वहीं, सलमान खान और आलिया भट्ट की जोड़ी इसमें एक साथ दिखाई देने वाली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान और भंसाली के बीच बड़े झगड़े के बाद यह मूवी बंद हो गई।

दोस्ताना 2

अभिनेता कार्तिक आर्यन का नाम धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'दोस्ताना 2' से जुड़ा था। इस फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर और लक्ष्य लालवानी भी दिखाई देने वाले थे, लेकिन कार्तिक के फिल्म से बाहर होने के बाद इसे रोक दिया गया।

पानी

फिल्म पानी का निर्देशन शेखर कपूर करने वाले थे और उन्होंने इस फिल्म के लिए दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को साइन भी किया था, लेकिन बाद में फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई।

यह भी पढ़ें: क्यों जबरदस्ती बदला गया मनोज बाजपेयी की दूसरी पत्नी का नाम, शबाना से बनीं नेहा, ऋतिक रोशन की रह चुकी हैं हीरोइन

chat bot
आपका साथी