अगर ना होता ये डायरेक्टर, तो 10 साल पहले निपट चुका होता सलमान का करियर

वांटेड ने सलमान को कामयाबी का जो फॉर्मूला दिया, उस पर वो आज भी चल रहे हैं और बॉक्स ऑफ़िस पर नए कीर्तिमान रच कर रहे हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Tue, 03 Apr 2018 12:46 PM (IST) Updated:Mon, 09 Apr 2018 10:33 PM (IST)
अगर ना होता ये डायरेक्टर, तो 10 साल पहले निपट चुका होता सलमान का करियर
अगर ना होता ये डायरेक्टर, तो 10 साल पहले निपट चुका होता सलमान का करियर

मुंबई। सलमान ख़ान आज बॉक्स ऑफ़िस के सुल्तान माने जाने जाते हैं। उनकी फ़िल्मों को क्रिटिक-प्रूफ़ कहा जाता है, जो तमाम कमियों के बावजूद बॉक्स ऑफ़िस पर रिकॉर्ड ब्रेकिंग प्रदर्शन करती हैं। सलमान का फ़िल्म में होना कामयाबी की शत-प्रतिशत गारंटी बन चुकी है।

सलमान के इस स्टेटस का क्रेडिट एक ऐसे शख़्स को जाता है, जिसके निर्देशन में बनी फ़िल्म ने उनके ख़त्म होते करियर को ना सिर्फ़ संभाला, बल्कि भरोसे के लायक भी बनाया। ये शख़्स प्रभु देवा हैं, जिनकी फ़िल्म वांटेड सलमान के मरणासन्न करियर के लिए संजीवनी बूटी साबित हुई और वो बॉक्स ऑफ़िस के मोस्ट वांटेड ख़ान बने। 

बॉलीवुड में अदाकारी की पारी

प्रभु देवा साउथ सिनेमा के कामयाब एक्टर और निर्देशक रहे हैं, मगर हिंदी सिनेमा के शौक़ीनों के ज़हन में उनकी छवि एक डांसर के तौर पर क़ैद है। प्रभु भारतीय शास्त्रीय और पश्चिमी शैली की नृत्य कलाओं में प्रशिक्षित डांसर हैं। हिंदी सिनेमा से प्रभु देवा का पहला परिचय 2000 की फ़िल्म पुकार के ज़रिए हुआ, जिसमें उन्होंने माधुरी दीक्षित के साथ के सेरा सेरा गाने पर डांस किया था। ये गाना और डांस इतना मशहूर हुआ कि आज भी हिंदी सिनेमा में उन्हें इस गाने के ज़रिए पहचाना जाता है।

एक एक्टर के तौर पर प्रभु देवा की पहली हिंदी फ़िल्म अग्निवर्षा है, जो 2002 में आयी थी। अर्जुन सजनानी निर्देशित फ़िल्म में उन्होंने ब्रह्रमराक्षस का किरदार निभाया था। अमिताभ बच्चन, मिलिंद सोमन और जैकी श्रॉफ़ के अलावा इस फ़िल्म में साउथ के एक और सितारे नागार्जुन भी थे, जबकि रवीना टंडन कहानी की नायिका थीं। हिंदी सिनेमा ने प्रभु देवा का जितना इस्तेमाल डांसर के तौर पर किया, उतना उनकी अदाकारी के हुनर का दोहन नहीं किया।

 

2002 के बाद प्रभु देवा 2013 की फ़िल्म एबीसीडी में बतौर एक्टर नज़र आये। रेमो डिसूज़ा निर्देशित इस नृत्य-प्रधान फ़िल्म में प्रभु का रोल एक डांस मास्टर का था, जो उनके शख्सियत को सूट भी करता है। इसके सीक्वल एबीसीडी2 में भी प्रभु देवा ने अपना रोल जारी रखा। एक लीड एक्टर के तौर पर प्रभु देवा की पहली फ़िल्म 2016 में आयी तूतक तूतक तूतिया है, जो तमिल में देवी और तेलुगु में अभिनेत्री के नाम से बनायी गयी। इन फ़िल्मों को प्रभु देवा ने प्रोड्यूस भी किया था। कितनी दिलचस्प बात है कि बतौर कलाकार हिंदी सिनेमा में उपेक्षित रहे प्रभु देवा ने अपने डायरेक्टोरियल हुनर से यहां तहलका मचा दिया।

सलमान ख़ान के तारनहार

2009 में प्रभु देवा ने वांटेड के साथ बॉलीवुड में निर्देशकीय पारी शुरू की। सलमान ख़ान को मुख्य भूमिका में रखकर बनायी गयी इस फ़िल्म का निर्माण बोनी कपूर ने किया। इस फ़िल्म के आने से पहले तक सलमान का करियर लगातार फ्लॉप फ़िल्मों से जूझ रहा था। 2009 में वांटेड के अलावा सलमान की दो फ़िल्में, लंदन ड्रीम्स और मैं और मिसेज खन्ना भी आयीं, मगर सिर्फ़ वांटेड हिट रही। वांटेड ने सलमान की साख लौटायी और उन्हें एक नई छवि के साथ पेश किया।

इस फ़िल्म ने सलमान को कामयाबी का जो फॉर्मूला दिया, उस पर वो आज भी चल रहे हैं और बॉक्स ऑफ़िस पर नए कीर्तिमान रच कर रहे हैं। डायरेक्टर के तौर पर प्रभु देवा की कामयाबी भी उल्लेखनीय रही है। अक्षय कुमार के साथ, राउड़ी राठौर और सिंह इज़ ब्लिंग, शाहिद कपूर के साथ आर... राजकुमार जैसी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस हिट रही हैं। प्रभु देवा सलमान को एक बार फिर दबंग 3 में डायरेक्ट करने वाले हैं।

chat bot
आपका साथी