10 Iconic Romantic Couples in Films: बात चलेगी फ़िल्मों में रोमांस की तो ज़रूर याद आएंगी ये 10 जोड़ियां

देवदास और प्यासा के ज़माने से लेकर दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे और कबीर सिंह के दौर तक रोमांटिक फ़िल्मों ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। इन रोमांटिक फ़िल्मों के नायक-नायिकाओं ने अदाकारी का ऐसा असर छोड़ा कि दर्शकों के ज़हन में यह रोमांटिक जोड़ियां अटक गयीं।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Wed, 10 Feb 2021 07:27 PM (IST) Updated:Fri, 12 Feb 2021 01:00 PM (IST)
10 Iconic Romantic Couples in Films: बात चलेगी फ़िल्मों में रोमांस की तो ज़रूर याद आएंगी ये 10 जोड़ियां
Most Iconic romantic couples on screen. Photo- mid-day

नई दिल्ली, जेएनएन। दुनिया का कोई भी सिनेमा हो, रोमांस ऐसा जॉनर है, जिसे पर्दे पर सबसे अधिक दिखाया जाता है। हिंदी सिनेमा भी इससे अलग नहीं है। देवदास और प्यासा के ज़माने से लेकर दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे और कबीर सिंह के दौर तक, रोमांटिक फ़िल्मों ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। इन रोमांटिक फ़िल्मों के नायक-नायिकाओं ने अदाकारी का ऐसा असर छोड़ा कि दर्शकों के ज़हन में यह रोमांटिक जोड़ियां अटक गयीं। इन जोड़ियों की पर्दे पर कैमिस्ट्री ने इन्हें आइकॉनिक बना दिया।

राज कपूर- नर्गिस

50 और 60 के दशक में राज कपूर और नर्गिस की जोड़ी बेहद चर्चित रही। पर्दे पर इनके बीच दिखने वाली कैमिस्ट्री ने लोगों को इतना प्रभावित किया कि पर्दे के इस पार भी इनकी नज़दीकियों की चर्चा आम हो गयी। राज कपूर और नर्गिस की जोड़ी ने 10 सालों के अंतराल में 16 फ़िल्मों में काम किया था, जिनमें अवारा, श्री 420, अंदाज़, चोरी-चोरी, आग और बरसात जैसी फ़िल्में शामिल हैं। दोनों ने पहली बार 1948 में आयी आग में साथ काम किया था। हालांकि, अवारा में राज और नर्गिस की जोड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलवायी।

(Photo Courtesy- YouTube)

दिलीप कुमार- मधुबाला

भारतीय सिनेमा की सबसे ख़ूबसूरत अदाकाराओं में से एक मधुबाला और लीजेंडरी एक्टर दिलीप कुमार की जोड़ी सबसे चर्चित जोड़ियों में शामिल है। दोनों 1950 की फ़िल्म तराना में पहली बार साथ आये। पर्दे के साथ वास्तविक जीवन में भी मोहब्बत के तराने गाये जाने लगे। दिलीप और मधुबाला की जोड़ी की सबसे सफल और कालजयी फ़िल्म मुग़ले-आज़म है। 

(Photo Courtesy- YouTube)

धर्मेंद्र- हेमा मालिनी

धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी हिंदी सिनेमा-प्रेमियों के लिए किवदंती की तरह है। नये ज़माने के आशिक़ों के बीच यह जोड़ी मिसाल बन गयी थी। दोनों ने 28 फ़िल्मों में साथ काम किया था। दोनों पहली बार तुम हंसीं मैं जवां में साथ आये। 

(Photo Courtesy: Twitter/Hema Malini)

फ़िल्म के शीर्षक को सच साबित करने वाली जोड़ी ने इसके बाद शराफत, सीता और गीता, प्रतिज्ञा शोले जैसी फ़िल्मों में काम किया। पर्दे का रोमांस धर्मेंद्र और हेमा के वास्तविक जीवन की सच्चाई भी बना और 1980 में उन्होंने शादी कर ली।

राजेश खन्ना- मुमताज़

1969 की फ़िल्म दो रास्ते में राजेश खन्ना और मुमताज़ ने पहली बार साथ काम किया। मुमताज़ इससे पहले कई फ़िल्में कर चुकी थीं, मगर दो रास्ते ने उन्हें मुख्यधारा की हीरोइनों के समकक्ष खड़ा किया और राजेश खन्ना के साथ उनकी कैमिस्ट्री ऐसी जमी कि दोनों ने 10 फ़िल्मों में साथ काम किया। इनमें कई फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस हिट रहीं। इनमें दो रास्ते, बंधन, सच्चा और झूठा, दुश्मन, राजा रानी, आपकी कसम और रोटी जैसी फ़िल्में शामिल हैं।

(Photo Courtesy: YouTube)

अमिताभ बच्चन- रेखा

अमिताभ बच्चन और रेखा की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक है। पर्दे पर इनकी नज़दीकियों ने वास्तविक जीवन में ना जाने कितने किस्सों को हवा दी, जिनकी सच्चाई को लेकर बहस हो सकती है, मगर यह बात बहस के हर दायर से बाहर है कि जब-जब अमिताभ और रेखा पर्दे पर साथ आये, रोमांस की तपिश अलग ही स्तर पर देखी गयी। दोनों ने लगभग 18 फ़िल्मों में साथ काम किया।

(Photo Courtesy- Mid-Day)

रेखा और अमिताभ पहली बार 1976 की फ़िल्म दो अनजाने में एक-दूसरे के अपोज़िट कास्ट किये गये थे। इसके बाद अलाप, खून पसीना,  मुकद्दर का सिकंदर, मिस्टर नटवरलाल, सुहाग और सिलसिला तक यह सिलसिला चला।

अनिल कपूर- माधुरी दीक्षित

अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित ने अस्सी के आख़िरी सालों से नब्बे के दशक में कई फ़िल्मों में साथ काम किया, जिनमें तेज़ाब, परिंदा, बेटा, किशन कन्हैया, राम लखन, पुकार, खेल जैसी फ़िल्में शामिल हैं। इन फ़िल्मों में दोनों की कैमिस्ट्री को दर्शकों ने ख़ूब पसंद किया। 

(Photo Courtesy- Instagram/Anil Kapoor)

इस जोड़ी ने 19 फ़िल्मों में साथ काम किया। दोनों पहली बार 1987 की फ़िल्म हिफ़ाज़त में साथ आये थे। हाल ही में दोनों कई साल बाद टोटल धमाल में साथ दिखे। 

आमिर ख़ान- जूही चावला

आमिर ख़ान और जूही चावला पहली बार क़यामत से क़यामत में साथ आये। यह ट्रेजिक लव स्टोरी ब्लॉकबस्टर रही और आमिर-जूही की जोड़ी जम गयी। इन दोनों की ही यह पहली बड़ी कमर्शियल सक्सेस थी। इसके बाद आमिर और जूही ने तुम मेरे हो, हम हैं राही प्यार के, आतंक ही आतंक, इश्क़ जैसी फ़िल्मों में साथ काम किया।

सलमान ख़ान- ऐश्वर्या राय

सलमान ख़ान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी जितनी पर्दे पर चर्चित रही, उससे ज़्यादा रियल लाइफ़ में इस जोड़ी को लेकर बातें की गयीं। दोनों ने ज़्यादा फ़िल्में साथ नहीं कीं, मगर जिन फ़िल्मों में काम किया, उनमें सलमान और ऐश्वर्या की कैमिस्ट्री भूले नहीं भूलती। दोनों पहली बार संजय लीला भंसाली की फ़िल्म हम दिल दे चुके सनम में साथ आये थे। इस फ़िल्म सलमान के साथ ऐश्वर्या की जोड़ी बेहद पसंद की गयी। 

(Photo- Courtesy- Twitter/Bhansali Productions)

शाह रुख़ ख़ान- काजोल

शाह रुख़ ख़ान और काजोल की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे रोमांटिक जोड़ियों में गिनी जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह है उनकी आइकॉनिक फ़िल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, जो हिंदी सिनेमा की सबसे कामयाब फ़िल्मों में शामिल है। हालांकि, काजोल और शाह रुख़ पहली बार बाज़ीगर में साथ आये थे। 

इसके बाद करण-अर्जुन में दोनों की कैमिस्ट्री सराही गयी। शाह रुख़ और काजोल की रोमांटिक कैमिस्ट्री कुछ कुछ होता है, कभी खुशी कभी ग़म और माई नेम इज़ ख़ान जैसी फ़िल्मों में नज़र आयी। दोनों आख़िरी बार दिलवाले में साथ दिखे थे।

रणवीर सिंह- दीपिका पादुकोण

(Photo Courtesy: Twitter/Bhansali Productions)

रियल लाइफ़ में पत्नी-पत्नी बन चुके रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने शादी से पहले पर्दे पर भी अपनी इंटेंस कैमिस्ट्री से दर्शकों को लुभाया था। संजय लीला भंसाली की फ़िल्म गोलियों की रास लीला रामलीला में दोनों पहली बार साथ आये, जिसमें रणवीर और दीपिका के किरदारों को काफ़ी पसंद किया गया। इसके बाद बाजीराव मस्तानी ने इनकी कैमिस्ट्री को नया आयाम दिया। अब दोनों कबीर ख़ान की फ़िल्म 83 में साथ दिखेंगे। 

chat bot
आपका साथी