कैप्टन बोले- परमाणु हथियारों पर पीएम का बयान गैरजिम्मेदाराना, सेना की बहादुरी का कर रहे राजनीतिकरण

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परमाणु हथियारों को लेकर दिए गए बयान को गैरजिम्मेदाराना बताया।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 23 Apr 2019 08:56 AM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 08:25 AM (IST)
कैप्टन बोले- परमाणु हथियारों पर पीएम का बयान गैरजिम्मेदाराना, सेना की बहादुरी का कर रहे राजनीतिकरण
कैप्टन बोले- परमाणु हथियारों पर पीएम का बयान गैरजिम्मेदाराना, सेना की बहादुरी का कर रहे राजनीतिकरण

जेएनएन, जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परमाणु हथियारों को लेकर दिए गए बयान को गैरजिम्मेदाराना बताया। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री परमाणु हथियार दीवाली के लिए संभालकर नहीं रखे जैसे बयान से युद्ध के खतरे का डर दिखाकर दोबारा सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं?

कैप्टन ने लोगों से अपील की कि बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस का समर्थन करें, क्योंकि भाजपा देश को बर्बादी के रास्ते पर ले गई है। रोजाना जवान शहीद हो रहे हैं, सरकार कुछ नहीं कर रही। सेना की बहादुरी का राजनीतिकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी सेना के एक्शन का भी क्रेडिट ले रहे हैं। पुलवामा हमले में अब तक कुछ नहीं किया गया। कैप्टन यहां कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन के बाद चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने जो वादे किए थे उसे पूरा किया जा रहा है। किसानों की कर्ज माफी हुई है। सरकारी और प्राइवेट नौकरियां पैदा की जा रही हैं। पंजाब में मिशन 13 पर काम किया जा रहा है और सूबे की सभी सीटें जीत कर राहुल गांधी के हाथ मजबूत करेंगे।

मोदी सरकार का भोग पड़ने से आएंगे अच्छे दिन

पुडा ग्राउंड में रैली में सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन इन्हें पूरा नहीं कर पाई। नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जो देश-विदेश में झूठ बोल रहे हैं। सरकार ने अच्छे दिन आने का वादा किया, लेकिन नोटबंदी ने कारोबार बर्बाद कर दिया। जीएसटी लागू करने के तरीके से कारोबारी परेशान हैं। लोगों के खातों में 15-15 लाख रुपये आने का वादा किया, अच्छे दिन के सपने दिखाए। सीएम ने कहा कि अच्छे दिन तब आएंगे जब देश में भाजपा सरकार का भोग पड़ जाएगा। देश भर से यह जानकारी आ रही है कि लोग बदलाव ला रहे हैं। भाजपा के राज में बेरोजगारी 12 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को टिकट देकर भाजपा लोगों को बांट रही

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भोपाल से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही प्रज्ञा ठाकुर को टिकट देने पर कहा कि ऐसे लोगों को आगे लाकर भाजपा लोगों को बांट रही है। प्रज्ञा ठाकुर पर आंतकवाद से जुड़ा केस चल रहा है और वह लगातार अमर्यादित भाषण दे रही हैं। प्रज्ञा ठाकुर शहीदों का अपमान कर रही है। देश में सत्ता चला रही भाजपा अपने राजनीति हितों के लिए इस तरह के लोगों को टिकट देकर देश की सुरक्षा से नहीं खेल सकती।

1984 के सिख विरोधी दंगे आतंकी गतिविधि नहीं

कैप्टन ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों को आतंकी गतिविधियां कैसे बताया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कहा है तो इस पर ध्यान न दें। मोदी कुछ भी बोल जाते हैं। यह घबराहट की निशानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने किसी भी ऐसे व्यक्ति को टिकट नहीं दी जो आंतकवाद में शामिल रहा हो। 1984 से 1994 के दौरान में उनके पास जिम्मेदारी नहीं थी, इसलिए उस समय की उन्हें जानकारी नहीं है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी