MP Chunav 2018: अमित शाह बोले - कांग्रेस के समय चंबल घाटी डकैतों की भूमि थी, हमने डकैत मुक्त बनाया

Madhya Pradesh Elections 2018: शाह ने 1857 की क्रांति में भिंड और चंबल के योगदान को याद किया।

By Rahul.vavikarEdited By: Publish:Sat, 24 Nov 2018 05:31 PM (IST) Updated:Sun, 25 Nov 2018 07:32 AM (IST)
MP Chunav 2018: अमित शाह बोले - कांग्रेस के समय चंबल घाटी डकैतों की भूमि थी, हमने डकैत मुक्त बनाया
MP Chunav 2018: अमित शाह बोले - कांग्रेस के समय चंबल घाटी डकैतों की भूमि थी, हमने डकैत मुक्त बनाया

भिंड। भिंड में चुनावी रैली संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निशाने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी रहे। शाह ने चंबल भिंड इलाके को डकैत मुक्त करने का श्रेय भाजपा सरकार को दिया। उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गांधी किसान-किसान की बात करते हैं, लेकिन वे खरीद की दो फसलों के नाम तो बता दें।

मतदान में अंतिम कुछ दिन शेष रहने के कारण भाजपा ने अपनी पूरी ताकत प्रदेश में झोंक दी है। पीएम मोदी, उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी कई स्थानों पर रैलियां कर रहे हैं। भिंड में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में चंबल घाटी को डाकू की भूमि के रुप में बदनाम होना पड़ा था, लेकिन भाजपा ने चंबल को डकैत मुक्त किया। आज चंबल में कोई भी गिरोह नहीं है। भाजपा सांसद भिंड के विकास में लगे हैं उनके कारण विकास का रास्ता खुला है। भिंड का जिला अस्पताल देश में क्वालिटी के मामले में नंबर 1 है। उन्होंने कहा कि भिंड-इटावा रेल लाइन पूरी कराई गई। भाजपा सरकार ने 16 से अधूरी योजना पूरी कराई। 

शाह ने 1857 की क्रांति में भिंड और चंबल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भिंड के लोगों ने लक्ष्मी बाई का साथ दिया। ये भूमि देशभक्त वीरों और शहीदों की भूमि है। भिंड के वीरों के बिना 1857 का इतिहास अधूरा है और आज भी सेना में सबसे ज्यादा भिंड के लोग जाते हैं। इसे देखते हुए जिले में ही सैनिक स्कूल बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस की सरकार में कभी बिजली गांव मे 24 घंटे आती थी क्या, लेकिन शिवराज सरकार में 24 घंटे बिजली मिल रही है। कांग्रेस किसान किसान करती है, राहुल बाबा ने आगरा में कहा आलू की फैक्ट्री लगेगी। पहले किसानों को 18 फीसदी पर कर्ज मिलता था और अब शून्य प्रतिशत पर किसान को कर्ज मिल रहा है। उन्होंने पूछा कि समर्थन मूल्य मिलता है या नहीं

शाह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित किया। यूपीए के समय देश में बम धमाके होते थे, लेकिन अब केंद्र में मोदी सरकार है। रात में सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की, पाक से सेना के जवान सुरक्षित भी वापस आए।

शाह ने दोनों हाथ उठवाकर 200 पार का संकल्प कराया

chat bot
आपका साथी