Jharkhand Assembly Election 2019: 7 सीटों पर पुरुषों को सीधी टक्कर दे रहीं महिलाएं

Jharkhand Election 2019. तीसरे चरण के चुनाव में पहली बार लगभग आधी सीटों पर महिला प्रत्याशी चुनौती दे रहीं हैं। दो सीटों पर पुरुष के बजाए महिला प्रत्याशी ही आमने-सामने हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 03:00 AM (IST) Updated:Wed, 11 Dec 2019 03:00 AM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: 7 सीटों पर पुरुषों को सीधी टक्कर दे रहीं महिलाएं
Jharkhand Assembly Election 2019: 7 सीटों पर पुरुषों को सीधी टक्कर दे रहीं महिलाएं

रांची, [नीरज अम्बष्ठ]। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण की जिन 17 सीटों पर 12 दिसंबर को मतदान होना है, उनमें सात सीटें ऐसी हैं जहां महिला प्रत्याशी पुरुष प्रत्याशियों को सीधा टक्कर दे रही हैं। इनमें तीन वर्तमान महिला विधायक ही हैं। एक-दो अन्य सीटों में भी महिला प्रत्याशी मुख्य मुकाबले में तो नहीं हैं, लेकिन अच्छा संघर्ष कर रही हैं। जो महिलाएं पुरुषों को सीधी टक्कर दे रही हैं उनमें सिल्ली से सीमा देवी तथा गोमिया से बबीता देवी प्रमुख हैं।

ये दोनों महिला प्रत्याशी अपने-अपने पतियों क्रमश: अमित महतो तथा योगेंद्र महतो को सजा होने के बाद हुए उपचुनाव में अपने-अपने पतियों की सीटें बचाने में सफल रही थीं। इस विधानसभा चुनाव में भी दोनों चुनाव लड़ रही हैं और मुख्य मुकाबले में हैं। सीमा देवी के सामने आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो तथा बबीता देवी के सामने आजसू के प्रत्याशी लंबोदर महतो हैं। हालांकि यहां भाजपा के बागी माधवलाल सिंह भी निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं।

मां का किला बचाने उतरी हैं बेटी

इधर, बड़कागांव में वर्तमान विधायक निर्मला देवी (पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की पत्नी) इस बार चुनाव नहीं लड़ रही हैं। उनकी जगह उनकी बेटी अंबा प्रसाद चुनाव लड़ रही हैं जिनके सामने आजसू प्रत्याशी के रूप में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के भाई रोशनलाल चौधरी चुनाव मैदान में मुख्य मुकाबले में हैं।

आमने सामने हैं दो महिलाएं

इस चरण में दो ऐसी सीटें हैं जहां महिलाएं ही मुख्य मुकाबले में आमने-सामने हैंं। रामगढ़ से पहली बार चुनाव लड़ रहीं सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी के सामने मुख्य मुकाबले में कांग्रेस की ममता देवी हैं। इसी तरह, कोडरमा में मंत्री नीरा यादव के सामने भाजपा से बागी होकर आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता हैं। राजद ने सुभाष यादव की उम्मीदवारी रद होने से पहले अमिताभ चौधरी को मैदान में उतारा दिया था, जो इन दो महिला प्रत्याशियों को चुनौती दे रहे हैं।

सीपी की राह में महुआ

रांची में छक्का लगाने की तैयारी में लगे सीपी सिंह को झामुमो की महुआ मांजी चुनौती दे रही हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी दोनों आमने-सामने थे। इस बार यहां आजसू से वर्षा गाड़ी भी चुनाव मैदान में हैं। ईचागढ़ में पूर्व मंत्री सुधीर महतो की विधवा सविता देवी झामुमो के टिकट पर इस बार भी अपना भाग्य आजमा रही हैं। इन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भी अपना भाग्य आजमाया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी।

309 में 32 महिलाएं

इस चरण में झामुमो गठबंधन के तहत छह सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। इनमें चार सीटों पर महिलाएं ही हैं। इनमें सीमा देवी, बबीता देवी, महुआ मांजी तथा सविता देवी शामिल हैं। बता दें कि इस चरण में कुल 309 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 32 महिलाएं हैं।

किस दल में कितने प्रत्याशी

दल       पुरुष      महिला

भाजपा     15     01

बसपा    14     01

कांग्रेस    07    02

आजसू     11    03

झाविमो    16    01

झामुमो     02    04

तृणमूल कांग्रेस    02     01

अन्य    104     14

निर्दल     93    05

chat bot
आपका साथी