Jharkhand Assembly Election 2019: 'अगले 100 दिन अहम, चुनाव में झोंकें पूरी ताकत', भाजपा के संगठन महामंत्री ने ली क्‍लास

Assembly Election 2019. बीएल संतोष ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक में 50 लाख सदस्‍य संख्‍या का टास्‍क दिया। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों का मनोबल भी बढ़ाया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 16 Sep 2019 09:14 PM (IST) Updated:Mon, 16 Sep 2019 09:14 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: 'अगले 100 दिन अहम, चुनाव में झोंकें पूरी ताकत', भाजपा के संगठन महामंत्री ने ली क्‍लास
Jharkhand Assembly Election 2019: 'अगले 100 दिन अहम, चुनाव में झोंकें पूरी ताकत', भाजपा के संगठन महामंत्री ने ली क्‍लास

रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अगले 100 दिनों को अहम बताते हुए, चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का निर्देश दिया है। सोमवार को पार्टी कार्यालय में हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बीएल संतोष ने स्पष्ट कहा कि यह बहानेबाजी नहीं चलेगी कि हमें तो कुछ काम दिया ही नहीं गया। कहा, पदाधिकारी चुनाव प्रबंधन समिति के साथ समन्वय बनाकर काम करें। यदि किसी को काम नहीं मिला, तो वह खुद आगे बढ़कर यह कहे कि चुनाव की दृष्टि से मुझे जवाबदेही दी जाए।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि राज्य में नए और पुराने सदस्यों को मिलाकर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं की संख्या करीब 43 लाख हो गई है। संगठन महामंत्री ने इसे 50 लाख तक पहुंचाने का टास्क भी सौंपा। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों का मनोबल भी बढ़ाया। कहा, आगामी विधानसभा चुनाव हम जीतेंगे और जरूर जीतेंगे, हमें इस भाव से काम करना है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में एक सकारात्मक माहौल है, पहली बार पांच साल की स्थायी सरकार ने तीव्र विकास की नींव रखी है। भय और आतंक का माहौल समाप्त हुआ है, सरकार पर भ्रष्टाचार के कोई आरोप नहीं लगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड में लोकसभा की तर्ज पर ही विधानसभा चुनाव के भी नतीजे आएंगे। हमें अपनी उपलब्धियों और कार्यक्रमों को लेकर जन-जन तक पहुंचने की आवश्यकता है। संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों से विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी ली। कहा, मोर्चा अपने-अपने क्षेत्र में बूथों पर पहुंचे। विश्वास जताया कि भाजपा अपने जिम्मेदार और जवाबदेह कार्यकर्ताओं के बल पर हर प्रकार की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है।

इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, अनंत ओझा, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, सांसद विद्युतवरण महतो, प्रणव वर्मा, प्रिया सिंह पटेल, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, प्रवक्ता जेबी तुबिद, राजेश शुक्ला, दीनदयाल बर्णवाल, प्रतुल शाहदेव, अनिल सिन्हा, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी संजय जायसवाल, तारिक इमरान मोर्चा अध्यक्ष विधायक राम कुमार पाहन, अमित सिंह, सोना खान, आरती सिंह, नीरज पासवान, अमरदीप यादव उपस्थित थे।

आज आएंगे ओपी माथुर

भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओपी माथुर मंगलवार को रांची पहुंच रहे हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जगन्नाथ मंदिर धुर्वा के समीप स्वच्छता कार्यक्रम मेें भाग लेंगे। भाजपा पीएम के जन्मदिवस को सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। इस कार्यक्रम के तहत प्लास्टिक थैले का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही, जागरूकता के लिए कपड़े के झोलों का वितरण भी किया जाएगा। भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि इस अवसर पर माथुर एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में मेयर आशा लकड़ा सहित निगम क्षेत्र के सभी पार्षद एवं क्षेत्र के विधायक भी शामिल होंगे।

chat bot
आपका साथी