Bihar Assembly Election: शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र ने कांग्रेस से भरा पर्चा, करोड़पति लव सिन्हा करते हैं प्राइवेट नौकरी

सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा ने शुक्रवार को नॉमिनेशन फाइल कर दिया। लव बांकीपुर से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में हाथ आजमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा-दीक्षा चिकित्सा रोजगार जलजमाव निजी निवेश मुद्दे पर वोट मांगेंगे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 16 Oct 2020 06:56 PM (IST) Updated:Fri, 16 Oct 2020 06:56 PM (IST)
Bihar Assembly Election: शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र ने कांग्रेस से भरा पर्चा, करोड़पति लव सिन्हा करते हैं प्राइवेट नौकरी
मां पूनम सिन्हा के साथ नॉमिनेशन दाखिल करने के बाद विक्ट्री सिंबल दिखाते लव सिन्हा।

पटना, जेएनएन। सिने स्टार और पटना साहिब से सांसद रहे बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा ने शुक्रवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन कर दिया। 1995 से ही भाजपा की सीट रही बांकीपुर (पहले पटना पश्चिम) से लव ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में ताल ठोंकी है। उन्होंने डीसीएलआर सह निर्वाची पदाधिकारी शशि शेखर के समक्ष पर्चा भरा। नामांकन के बाद लव ने कहा कि शिक्षा-दीक्षा, चिकित्सा, रोजगार, जलजमाव, निजी निवेश जैसे मुद्दों को लेकर वोट मांगेंगे। 

मां पूनम सिन्हा के साथ गए समाहरणालय 

नामांकन से पूर्व कदमकुआं के कांग्रेस मैदान में समर्थकों से संवाद के बाद उन्होंने मां पूनम सिन्हा के साथ समाहरणालय के लिए प्रस्थान किया। सांसद अखिलेश सिंह, शक्ति सिंह गोहिल, रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई कांग्रेसी नेता उनके साथ रहे। 

करोड़पति लव पर कोई मुकदमा नहीं 

नामांकन में दिए गए शपथ-पत्र के अनुसार, सिने स्टार और पटना साहिब से सांसद रहे बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव व्यवसाय के साथ-साथ प्राइवेट नौकरी भी करते हैं। इनके नाम से 93 लाख 44 हजार 531 रुपये की चल और एक करोड़ 75 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। अचल संपत्ति उन्होंने खुद से अर्जित की है।

विरासत में नहीं मिली संपत्ति

बांकीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी लव सिन्हा को विरासत में किसी प्रकार की संपत्ति नहीं मिली है। लव के ऊपर 75 लाख 16 हजार 662 रुपये का कर्ज भी है। स्नातक कर चुके लव की छवि साफ सुथरी है। शॉटगन के पुत्र लव पर एक भी मुकदमा नहीं दर्ज है। बताते चलें कि बांकीपुर से इसबार रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा। लव के अलावा यहां से विधायक बीजेपी के नितिन नवीन और प्लूरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया ने भी ताल ठोंकी है। 

इसबार तीन चरणों में चुनाव

कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी