असम विधानसभा चुनाव: तीन विशेष पर्यवेक्षकों की हुई नियुक्ति, जानें उनके नाम

चुनाव आयोग ने असम में विधानसभा चुनावों के लिए तीन विशेष केंद्रीय पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया है। गुरुवार को यह जानकारी CEO कार्यालय की ओर से जारी बयान में दी गई। रिटायर्ड IAS अधिकारी सुदर्शन श्रीनिवासन (Sudarshan Srinivasan) को विशेष पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया।

By Monika MinalEdited By: Publish:Thu, 18 Mar 2021 03:19 PM (IST) Updated:Thu, 18 Mar 2021 03:19 PM (IST)
असम विधानसभा चुनाव: तीन विशेष पर्यवेक्षकों की हुई नियुक्ति, जानें उनके नाम
असम विधानसभा चुनाव: तीन विशेष पर्यवेक्षकों की हुई नियुक्ति

गुवाहाटी, प्रेट्र। चुनाव आयोग ने असम में विधानसभा चुनावों के लिए तीन विशेष केंद्रीय पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया है। गुरुवार को यह जानकारी CEO कार्यालय की ओर से जारी बयान में दी गई। रिटायर्ड IAS अधिकारी सुदर्शन श्रीनिवासन (Sudarshan Srinivasan) को विशेष पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया। जबकि पूर्व IPS अधिकारी अशोक कुमार (Ashok  Kumar) को स्पेशल पुलिस पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई। वहीं पूर्व IRS अधिकारी नीना निगम (Neena Nigam) राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए स्पेशल व्यय पर्यवेक्षक  (special  expenditure observer) के तौर पर नियुक्त की गई हैं। 

तीन चरणों में होंगे चुनाव

इसके अलावा चुनावी पैनल द्वारा 90 जनरल, 31 पुलिस और 53 व्यय पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया। असम की 126 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च से 6 अप्रैल के बीच चुनाव आयोजित होंगे। इसके नतीजे 2 मई को आएंगे। असम चुनाव निगरानी समूह और एडीआर ने प्रथम चरण में चुनावी मैदान में उतरे 264 में से 259 उम्मीदवारों के हलफनामों की जांच की। एडीआर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 259 में से 41 यानी 16 फीसद उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है और 34 यानी 13 फीसद ने उनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने का खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, 259 उम्मीदवारों में से 101 करोड़पति हैं। शैक्षणिक पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए रिपोर्ट में बताया गया कि 97 यानी 37 फीसद उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता पांचवीं से 12वीं कक्षा के बीच बताई है। वहीं 157 यानी 61 फीसद उम्मीदवारों ने शैक्षणिक योग्यता स्नातक या उससे अधिक बताई है और इनमें से चार उम्मीदवारों के पास डिप्लोमा की डिग्री है और केवल एक साक्षर है। 

27 मार्च को है पहले चरण का चुनाव

राज्य में पहले चरण का चुनाव 27 मार्च को है। इसके तहत 47 सीटों पर होने वाले चुनावों के लिए 267 दावेदार मैदान में हैं। पहले चरण के चुनाव में प्रमुख उम्मीदवार मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल (माजुली), स्पीकर हितेंद्र नाथ गोस्वामी (जोरहाट), मंत्री रंजीत दत्ता (बेहाली), नाबा कुमले (जोनाई) और संजय किशन (तिनसुकिया) हैं। मंत्री अतुल बोरा (बोकाखाट) और केशब महंत (कलियाबोर) से मैदान में हैं। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिपुन बोरा (गोहपुर), कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता देवव्रत सैकिया (नाजिरा), एआइसीसी सचिव भूपेन बोरा (बिहपुरिया) और प्रणति फूकन (नहरकटिया), रकीबुल हुसैन (सामगुरि) और बिसमिता गोगोई (खुमताई) मैदान में हैं।

chat bot
आपका साथी