कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 26 उम्मीदवारों की सूची, जानें किसे कहांं से मिला मौका

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 26 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसमें सिल्चर सीट से तमल कांति बानिक को मौका मिला है जबकि नलबाड़ी से प्रद्युत कुमार भुयन को टिकट दिया गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 12:31 AM (IST) Updated:Thu, 11 Mar 2021 12:43 AM (IST)
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 26 उम्मीदवारों की सूची, जानें किसे कहांं से मिला मौका
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 26 उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

गुवाहाटी, एजेंसियां। कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 26 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसमें सिल्चर सीट से तमल कांति बानिक को मौका मिला है जबकि नलबाड़ी से प्रद्युत कुमार भुयन को टिकट दिया गया है। इससे पहले कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को जारी की थी। पहली सूची में प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया के नाम शामिल थे। पहली सूची में नए उम्‍मीदवारों को तरजीह दी गई थी।

पहले चरण के लिए 281 प्रत्याशियों ने किया नामांकन  

वहीं समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कुल 281 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। पहले चरण में 47 सीटों पर 27 मार्च को मतदान कराए जाएंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। इन सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा मंगलवार तक ही थी।

इन दिग्‍गजों ने अब तक दाखिल किया पर्चा 

पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में माजुली से मुख्यमंत्री सरबानंद सोनोवाल, बाताद्रोबा से भाजपा विधायक अंगूरलता डेका, कुमताइ से मृणाल सैकिया, गोहपुर से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा, नाजिरा से कांग्रेस विधायक दल के नेता देबब्रत सैकिया और बिहपुरिया से एआइसीसी सचिव भूपेन बोरा एवं अन्य शामिल हैं। 

भाजपा ने तीन और नामों की घोषणा की

वहीं भाजपा ने असम में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को तीन और नामों की घोषणा की। इसके साथ ही भाजपा की ओर से पहले दो चरणों में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 74 हो गई है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक होजई से भाजपा के निवर्तमान विधायक शिलादित्य देव की जगह रामकृष्ण घोष को मौका दिया गया है। असम में दो चरणों में 86 विधानसभा सीटों पर मतदान होंगे जिनमें से 74 पर भाजपा चुनाव लड़ रही है। सहयोगी पार्टियों में असम गण परिषद और यूनाईटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी