कोरोना की वजह से नहीं निकाली गई कलश यात्रा

कोरोना संकट के बीच सरकार से मिली सशर्त अनुमति के बाद इलाके में मां दुर्गा की पूजा शुरू हो गई। इस बार कोरोना को देखते हुए कलश यात्रा नहीं निकाली गई है। साथ ही पूजा स्थलों पर एसडीएम निरीक्षण कर रहे हैं और समुचित दिशा निर्देश भी दे रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Oct 2020 05:24 PM (IST) Updated:Sat, 17 Oct 2020 05:24 PM (IST)
कोरोना की वजह से नहीं निकाली गई कलश यात्रा
कोरोना की वजह से नहीं निकाली गई कलश यात्रा

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : कोरोना संकट के बीच सरकार से मिली सशर्त अनुमति के बाद इलाके में मां दुर्गा की पूजा शुरू हो गई। इस बार कोरोना को देखते हुए कलश यात्रा नहीं निकाली गई है। साथ ही पूजा स्थलों पर एसडीएम निरीक्षण कर रहे हैं और समुचित दिशा निर्देश भी दे रहे हैं। कुल मिलाकर कहीं भी लापरवाही नहीं रहे इस दिशा में पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क हैं।

दुर्गा पूजा समिति राणाजी एन्क्लेव की ओर से मां दुर्गा की पूजा की जा रही है। शनिवार सुबह नजफगढ़ के एसडीएम विनय कौशिक ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और पूजा समिति की ओर से की गई व्यवस्था का जायजा लिया। समिति के अध्यक्ष गणपति झा ने बताया कि हर वर्ष पांच सौ महिलाएं कलश यात्रा में भाग लेती थीं। इस बार कोरोना की वजह से कलश यात्रा नहीं निकाली गई। पूजा स्थल पर सिर्फ दस लोगों को रहने की अनुमति है। ऐसे में श्रद्धालुओं को मंदिर में आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। भक्त माता के दर्शन कर सकें इसलिए बाहर में एक एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। यहां भी भक्तों को शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सभी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार पर ही सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। जहां पर श्रद्धालु अपने हाथ सैनिटाइज कर ही प्रांगण में आ सकते हैं। वहीं, मोहन गार्डन एल-2 ब्लॉक में कर्मभूमि शक्ति मंच की ओर से मां दुर्गा की पूजा की जा रही है। मंदिर प्रांगण में प्रवेश से पूर्व थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। साथ ही शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है। मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि यहां पर भक्तों को कोरोना को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। आज के समय में सतर्कता बरतना बहुत जरूरी है। इस बार ऐसी परिस्थिति है कि बड़े आयोजन नहीं हो सकते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन नहीं हो रहा है। मां दुर्गा की कृपा रहेगी तो अगले वर्ष फिर से हम सभी धूमधाम से मां दुर्गा की पूजा करेंगे। इस बार सीमित लोगों के साथ ही मां दुर्गा की पूजा हो रही है। भक्तों से भी अपील है कि वे स्वास्थ्य विभाग के निर्देश का पालन करें।

रमेश सिंह, उपाध्यक्ष, दुर्गा पूजा समिति राणाजी एन्क्लेव स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के साथ मां दुर्गा की पूजा शुरू हो गई है। श्रद्धालु भी जागरूक हैं और वे मास्क पहनने के साथ-साथ माता के दर्शन के समय शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं। पूजा स्थल पर हर श्रद्धालु का हाथ सैनिटाइज कराया जाता है। साथ ही जिनके पास मास्क नहीं होता है उन्हें मास्क दिया जाता है।

सोहन झा, अध्यक्ष, कर्मभूमि शक्ति मंच

chat bot
आपका साथी