दिल्‍ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, खेतों में कटी फसलों पर आफत की बारिश

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम सुहावना हो गया है।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Mon, 09 Apr 2018 07:34 AM (IST) Updated:Mon, 09 Apr 2018 12:52 PM (IST)
दिल्‍ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, खेतों में कटी फसलों पर आफत की बारिश
दिल्‍ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, खेतों में कटी फसलों पर आफत की बारिश

नई दिल्‍ली [ जेएनएन ]।  चक्रवाती हवाओं के कारण राजधानी दिल्‍ली समेत पूरे एनसीआर में सोमवार की सुबह तेज हवाआें के साथ बारिश ने तप रही दिल्‍ली को बड़ी राहत दी। इस बदलाव के साथ तापमान में आठ डिग्री की गिरावट आई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी दो दिनों तक आसमान में बादल छाएं रहेंगे। बारिश की संभावना भी जताई गई है। हालां‍कि, इस बारिश से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। पूर्व मानसून बारिश से भले ही लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली हो, लेकिन यह बारिश किसानों की फसल के लिए नुकसानदायक साबित हुई है। बिन मौसम बारिश के कारण किसानों की फसल बर्बाद हो रही है।

अभी तीन दिनों तक रहेगी राहत

मौसम विभाग का दावा है कि अगले 4-5 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की बारिश की संभावना भी है। इसके चलते पिछले काफी समय से गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों को अब मॉनसून पूर्व की गतिविधियां गर्मी से राहत दिलाएंगी। 9 और 10 अप्रैल को सबसे अधिक असर रहेगा। तापमान भी 33 से 34 डिग्री पहुंच सकता है।

मध्य पाकिस्तान के चक्रवाती हवाओं का असर

मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब व हरियाणा में इस समय चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा कश्मीर के पास भी एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। चक्रवाती हवाओं के चलते दिल्ली में हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी से बदलकर दक्षिण पूर्वी हो गई है। इस हवा के साथ नमी आ रही है। अगले कुछ दिनों में मानसून पूर्व हलचलें दिल्ली में तेज होगी जो गर्मी से राहत दिलवाएंगी।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार एक हफ्ते तक  तापमान अधिक नहीं रहेगा। लेकिन 10 अप्रैल के बाद गर्मी तेजी से बढ़ेगी। इसके बाद काफी दिनों तक किसी पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता नहीं दिखाई दे रही है। इसकी वजह से लंबे समय तक गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

chat bot
आपका साथी