मूसलधार बारिश से बदली फिजा, सात डिग्री गिरा तापमान; जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

weather update दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिली ही अधिकतम तापमान सात डिग्री तक गिर गया। आज भी बारिश की संभावना है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 07 Aug 2019 07:50 AM (IST) Updated:Wed, 07 Aug 2019 07:50 AM (IST)
मूसलधार बारिश से बदली फिजा, सात डिग्री गिरा तापमान; जानिए आज कैसा रहेगा मौसम
मूसलधार बारिश से बदली फिजा, सात डिग्री गिरा तापमान; जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली, जेएनएन। weather update: मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने दिल्ली की फिजा ही बदल दी। दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिली ही, अधिकतम तापमान सात डिग्री तक गिर गया। 24 घंटे के दौरान दिल्ली में 35.3 मि.मी. बारिश दर्ज की गई है। इससे मौसम भी काफी सुहावना हो गया। इस मानसून की यह अब तक की सबसे तेज बारिश कही जा सकती है। बारिश का यह दौर बुधवार को भी जारी रहने की संभावना है। आज सुबह से ही आसमान में हल्‍के बादल छाए हैं।  

दोपहर तक हुई तेज बारिश

मंगलवार सुबह दिल्लीवासी सोकर उठे तो बाहर झमाझम बारिश हो रही थी। करीब 11 बजे तक बारिश का यह दौर चलता रहा। इस दौरान कई इलाकों में काली घटा के कारण अंधेरे जैसा नजारा रहा और वाहन चालकों को भी लाइट जलानी पड़ी।

तापमान सात डिग्री गिरा

इस बारिश का तापमान पर भी काफी असर पड़ा। सोमवार को जो अधिकतम पारा 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, मंगलवार को 7 डिग्री गिरकर सामान्य से 4 डिग्री कम 30.0 डिग्री सेल्सियस रह गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 83 से 100 फीसद रहा। बारिश मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे तक 12.6 मि.मी. जबकि सुबह साढ़े 8 से शाम साढ़े 5 बजे तक 22.2 मि.मी. दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश रिज में 54.4 मि.मी., पालम में 48.1 मि.मी., लोदी रोड में 39.7 मि.मी. और आया नगर में 25.5 मि.मी. दर्ज की गई। नजफगढ़ में आज भी 2 मि.मी. और स्पोट्र्स कांप्लेक्स में महज 4 मि.मी. बारिश दर्ज की गई।

मानसूनी रेखा दिल्‍ली के आसपास बनी है

अभी मानसूनी रेखा दिल्ली के आसपास ही बनी हुई है। इसी वजह से यह बारिश हो रही है। बुधवार के बाद बारिश में कमी आएगी और 10 व 11 अगस्त को एक बार फिर दिल्लीवालों को उमस परेशान करेगी। 11 अगस्त की रात से हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

अब तक 224 मिमी हुई बारिश

दूसरी तरफ मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से अब तक राजधानी में 224.2 मि.मी. बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 33 फीसद कम है। जबकि पालम में 250.1 मि.मी. बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 28 फीसद कम है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी