Delhi News: दिल्ली की मुनक नहर में एक-एक कर मिले तीन किशोरों के शव, मचा हड़कंप

Delhi News हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुनक में तीन किशोर की मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि तीनों किशोर नहाने के लिए नहर में उतरे और तेज बहाव में बह गए। बताया जाता है कि पहले एक बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी लेकिन सर्च अभियान के दौरान तीन किशोर के शव बरामद किए गए।

By Jagran NewsEdited By: Geetarjun Publish:Thu, 18 Apr 2024 12:18 AM (IST) Updated:Thu, 18 Apr 2024 12:18 AM (IST)
Delhi News: दिल्ली की मुनक नहर में एक-एक कर मिले तीन किशोरों के शव, मचा हड़कंप
दिल्ली की मुनक नहर में एक-एक कर मिले तीन किशोरों के शव, मचा हड़कंप

HighLights

  • नहर में नहाने उतरे थे तीनों बच्चे, हैदरपुर वाटर प्लांट के पास मिले शव।
  • एक बच्चे के डूबने की थी सूचना, सर्च अभियान में मिले तीन।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुनक में तीन किशोर की मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि तीनों किशोर नहाने के लिए नहर में उतरे और तेज बहाव में बह गए। बताया जाता है कि पहले एक बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी, लेकिन सर्च अभियान के दौरान तीन किशोर के शव बरामद किए गए।

मरने वाले तीनों किशोर भलस्वा डेरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। करीब डेढ़ घंटे तक खोजी अभियान चला। बोट क्लब के गोताखोरों ने तीनों शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

तीनों किशोर हैं डूबने वाले

बुधवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बोट क्लब को मुनक नहर में एक बच्चे के डूबने की सूचना मिली। लगभग चार बजे टीम ने सर्च अभियान आरंभ किया। इसी दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने टीम को बताया कि एक नहीं, तीन दोस्त डूबे हैं और तीनों की उम्र 13 से 15 के बीच है।

पांच गोताखोर और एक मोटर बोट की मदद से टीम ने तीनों किशोर की तलाश शुरू की। डेढ़ घंटे से अधिक समय चले सर्च अभियान के बाद गोताखोरों ने हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से कुछ पहले एक किशोर को ढूंढा।

तीनों के मिले शव

इसके कुछ समय के अंतराल के बाद एक-एक कर दोनों किशोर भी मिल गए। बताया जाता है कि तीनों को मौत हो चुकी थी। तीनों शव गोताखोरों ने पुलिस को सौंप दिए। रोहिणी जिला के केएन काटजू थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

परिजनों का हाल बुरा

तीनों किशोर भलस्वा डेरी के रहने वाले हैं। इनके नाम अंकित (15), रेहान (14) और अयान (13) बताए जा रहे हैं। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए हैं। नहर पर पहुंचे मृतकों के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना पाकर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

गर्मी बढ़ने के साथ बढ़ जाते हैं हादसे

गर्मी बढ़ने के साथ ही नहर में डूबने से मौत की घटनाएं बढ़ जाती हैं। बाहरी दिल्ली क्षेत्र में इस गर्मी का यह पहला हादसा है। सवाल उठता है कि हर साल ऐसे हादसे होने के अंदेशे के बावजूद संबंधित विभाग नहरों पर नहाने पर रोकने के लिए प्रयास क्यों नहीं करते। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग नहरों में नहाने पर रोक पर सख्ती से अमल करे तो इस तरह के हादसों को रोका जा सकता है।

chat bot
आपका साथी