चुनाव प्रचार में उतरेंगी सुनीता केजरीवाल, स्टार प्रचारकों में जेल में बंद तीनों नेताओं के नाम, कोर्ट से ली जाएगी अनुमति

आम आदमी पार्टी (आप) के स्टार प्रचारकों की सूची में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का नाम भी शामिल है। वह गुजरात में पार्टी के लिए प्रचार करेंगी। इसके अलावा जेल में बंद आम आदमी पार्टी के तीनों नेताओं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन का नाम शामिल है।

By V K Shukla Edited By: Abhishek Tiwari Publish:Wed, 17 Apr 2024 07:51 AM (IST) Updated:Wed, 17 Apr 2024 07:51 AM (IST)
चुनाव प्रचार में उतरेंगी सुनीता केजरीवाल, स्टार प्रचारकों में जेल में बंद तीनों नेताओं के नाम, कोर्ट से ली जाएगी अनुमति
चुनाव प्रचार में उतरेंगी सुनीता केजरीवाल, स्टार प्रचारकों में जेल में बंद तीनों नेताओं के नाम

HighLights

  • पार्टी के स्टार प्रचारकों में उनका नाम केजरीवाल के बाद दूसरे नंबर पर
  • शीर्ष नेताओं की भूमिका और जिम्मेदारी बढ़ी
  • कार्यकर्ता और प्रत्याशी चाहते हैं सुनीता केजरीवाल प्रचार में आएं

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी की ओर से गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल अब पार्टी के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार में उतरेंगी। गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में सुनीता केजरीवाल का नाम शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद स्टार प्रचारकों में सुनीता केजरीवाल का नाम दूसरे नंबर पर है। दरअसल, अब सुनीता केजरीवाल पर पार्टी का दारोमदार है। वह आम आदमी पार्टी को एकजुट बनाए रख सकती हैं और पार्टी के कार्यकर्ता चाहते हैं कि अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में सुनीता केजरीवाल अपनी सक्रियता बढ़ाएं।

सीएम की गिरफ्तारी को मुद्दा बनाएगी आप

इसे ध्यान में रखते हुए पार्टी रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी की योजना सीएम की गिरफ्तारी को मुद्दा बनाकर पर जनता से सहानुभूति लेना है। जिसके लिए भी सुनीता केजरीवाल का पार्टी के मंचों पर आना जरूरी माना जा रहा है।

आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया गया था। पार्टी के लिए बेहतर माना जा रहा है कि अब सुनीता केजरीवाल को आगे बढ़ाया जाए।

आप के स्टार प्रचारकों में जेल में बंद तीनों नेताओं के नाम

गुजरात के लिए चुनाव आयोग को दी गई स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन का नाम है। तीनों ही इस समय जेल में हैं।

इनके अलावा मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक, राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा, दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन समेत 40 लोग शामिल हैं।

इससे पहले आप ने कर्नाटक के लिए भी स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को दी थी। उसमें भी केजरीवाल और सिसोदिया का नाम था। हालांकि आप ने कनार्टक में प्रत्याशी नहीं उतारा है, वह कांग्रेस का समर्थन कर रही है। आप ने कहा है कि जेल में बंद नेताओं से चुनाव प्रचार कराने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी जाएगी।

शीर्ष नेताओं की भूमिका और जिम्मेदारी बढ़ी

पार्टी सूत्रों का कहना है कि आप के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली संयोजक गोपाल राय, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दिल्ली की मंत्री आतिशी आदि सहित आप के अन्य शीर्ष नेताओं की भूमिका और जिम्मेदारियां बढ़ चुकी हैं।

इस सब के साथ ही आप कार्यकर्ता और लोकसभा चुनाव में उतरे आप प्रत्याशी चाहते हैं कि सुनीता केजरीवाल चुनाव प्रचार में आएं। आप के एक नेता ने बताया कि गुजरात के साथ ही वह दिल्ली में भी चुनाव प्रचार करेंगी। जरूरत पड़ी तो पंजाब और हरियाणा भी जाएंगी।

chat bot
आपका साथी