लोकनायक अस्पताल से छह मरीज भागे, स्वास्थ्य विभाग बोला- घटना की जानकारी नहीं, पुलिस ने की पुष्टि

लोकनायक अस्पताल से कोरोना के छह संदिग्ध मरीज फरार हो गए हैं। इनकी खोजबीन जारी है लेकिन इनका पता नहीं चल पाया है। ये मरीज आरएमएल अस्पताल से यहां शिफ्ट हुए थे।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 20 Mar 2020 12:27 AM (IST) Updated:Fri, 20 Mar 2020 12:27 AM (IST)
लोकनायक अस्पताल से छह मरीज भागे, स्वास्थ्य विभाग बोला- घटना की जानकारी नहीं, पुलिस ने की पुष्टि
लोकनायक अस्पताल से छह मरीज भागे, स्वास्थ्य विभाग बोला- घटना की जानकारी नहीं, पुलिस ने की पुष्टि

नई दिल्ली, जेएनएन। लोकनायक अस्पताल से कोरोना के छह संदिग्ध मरीज फरार हो गए हैं। यह मरीज कहां गए अभी तक यह पता नहीं चल पाया है। अस्पताल प्रशासन ने इस मामले पर चुप्पी साध ली है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है। हालांकि पुलिस ने मामले की पुष्टि की है। यह घटना 18 मार्च की रात की है। बताया जा रहा है कि बुधवार को इस अस्पताल में करीब 19 संदिग्ध मरीज भर्ती थे। जिनमें से छह मरीजों को तेज बुखार होने के कारण आरएमएल अस्पताल से स्थानांतरित किया गया था।

सरकारी क्वारंटाइन में 57 लोग

कुछ संदिग्ध मरीजों ने यह कहते हुए अस्पताल से जाने की इजाजत मांगी कि वे किसी पीडि़त के संपर्क में नहीं आए हैं। इस बीच छह मरीज अस्पताल से निकल गए। इसके बाद इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं दिल्ली में शुरू किए गए सरकारी क्वारंटाइन में 57 लोगों को रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि क्वारंटाइन में रखने का मतलब बीमार होना नहीं है। बल्कि डॉक्टर की निगरानी में रखा जाता है।

आइएलबीएस में शुरू होगी कोरोना की जांच

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) ने यकृत व पित्त विज्ञान संस्थान (आइएलबीएस) को भी कोरोना की जांच के लिए अधिकृत किया है। इस अस्पताल में दिल्ली की चौथी लैब होगी जहां कोरोना की जांच हो सकेगी। इसके अलावा लेडी हार्डिग मेडिकल कॉलेज में भी जांच की सुविधा कर दी गई है। एम्स व राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की लैब में पहले से जांच की जा रही है।

चार अस्पतालों में 116 संदिग्ध मरीज भर्ती

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार को लोकनायक सहित चार अस्पतालों में 116 संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। जिसमें से लोकनायक अस्पताल में 21 संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा आरएमएल में 27, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 19 व सफदरजंग अस्पताल में 49 संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। हालांकि सफदरजंग अस्पताल के देर रात के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ 17 संदिग्ध मरीज भर्ती थे।

chat bot
आपका साथी