Nirbhaya Justice: क्या तिहाड़ जेल में ही किया जाएगा चारों के शवों का अंतिम संस्कार

Nirbhaya Justice माना जा रहा है कि अगर कोई परिजन आगे नहीं आया तो तिहाड़ जेल प्रशासन खुद शवों का अंतिम संस्कार करेगा।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 20 Mar 2020 10:37 AM (IST) Updated:Fri, 20 Mar 2020 10:37 AM (IST)
Nirbhaya Justice: क्या तिहाड़ जेल में ही किया जाएगा चारों के शवों का अंतिम संस्कार
Nirbhaya Justice: क्या तिहाड़ जेल में ही किया जाएगा चारों के शवों का अंतिम संस्कार

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क।  Nirbhaya Justice: निर्भया के चारों दोषियों को शुक्रवार सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर फांसी तो दे दी गई, लेकिन अब शवों के अंतिम संस्कार की नई समस्या खड़ी हो गई है। दरअसल, चारों में से किसी का भी परिवार शवों को लेने के लिए सामने नहीं आया है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर कोई परिजन आगे नहीं आया तो तिहाड़ जेल प्रशासन खुद शवों का अंतिम संस्कार करेगा। मिली जानकारी के मुताबिक, फांसी देने के साथ ही चारों दोषियों के परिजनों से शव ले जाने के लिए कहा है कि किसी ने भी अब तक दावा नहीं किया है। इस पर तिहाड़ जेल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अगर चारों दोषियों के परिजन शव लेने नहीं आए तो चारों शवों का अंतिम संस्कार तिहाड़ जेल में ही होगा। 

बता दें कि दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट द्वारा डेथ वारंट के मुताबिक, शुक्रवार सुबह चारों दोषियों विनय कुमार शर्मा (Vinay Kumar Sharma), पवन कुमार गुप्ता (Pawan Kumar Gupta), मुकेश सिंह (Mukesh Singh) और अक्षय कुमार सिंह (Akshay Kumar Singh) को फांसी दे दी गई। 

इससे पहले बृहस्पतिवार को रात भर कानून दांव पेंच चले  गए। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट द्वारा रात 3 बजकर 30 मिनट सभी याचिकाएं खारिज करने के बाद फांसी का रास्ता साफ हुआ। इस दौरान निर्भया की मां ने कहा था कि दोषियों को बहुत समय दिया गया। उन्होंने फांसी से बचने के लिए बहुत से पैंतरे इस्तेमाल किए।

बता दें कि 16 दिसंबर, 2012 को दिल्ली के वसंत विहार इलाके में चलती बस में 23 वर्षीय पैरामेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इस दौरान सामूहिक दुष्कर्म से प्रताड़ित छात्रा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

इसके बाद साढ़े सात साल तक चले कानूनी  दांवपेंच में आखिरकार सच की जीत हुई और शुक्रवार सुबह दोषियों को फांसी के साथ निर्भया को भी इंसाफ मिला। 

chat bot
आपका साथी