Delhi Politics: 24 जून को होंगे तीनों मेयर के चुनाव, तैयारी हुई तेज

कोरोना के चलते लंबित पड़े दिल्ली के तीनों नगर निगम में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव 24 जून को होंगे।

By Edited By: Publish:Wed, 10 Jun 2020 01:20 AM (IST) Updated:Wed, 10 Jun 2020 09:07 AM (IST)
Delhi Politics:  24 जून को होंगे तीनों मेयर के चुनाव, तैयारी हुई तेज
Delhi Politics: 24 जून को होंगे तीनों मेयर के चुनाव, तैयारी हुई तेज

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। कोरोना के चलते लंबित पड़े दिल्ली के तीनों नगर निगम में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव 24 जून को होंगे। 12 जून को तीनों नगर निगम में इसके लिए अधिसूचना जारी हो जाएगी। 17 को नामांकन का आखिरी दिन होगा और 24 को चुनाव प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली भाजपा में नए अध्यक्ष आदेश गुप्ता की नियुक्ति के बाद सभी राजनीतिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। निगम के महापौर और उपमहापौर से लेकर स्थायी समिति के अध्यक्ष और स्थायी समिति के सदस्यों के नाम पर चर्चा शुरू हो गई है। जिस पर आने वाले सप्ताह में आखिरी फैसला ले लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल की होने वाली पहली बैठक में महापौर और उपमहापौर के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाती है। लेकिन, कोरोना और लॉकडाउन के चलते यह प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। चूंकि अब अनलॉक-1 हो गया, ऐसे में चुनाव प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। उत्तरी दिल्ली में फिलहाल अवतार सिंह महापौर हैं तो वहीं पूर्वी दिल्ली में अंजू कमलकांत और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में सुनीता कांगड़ा महापौर हैं। निगम में हर वर्ष महापौर-उपमहापौर का चुनाव होता है।

वर्ष 2017 में चुने गए निगम सदस्यों के लिए यह चौथे महापौर के लिए चुनाव होगा। इस बार स्थायी समिति के तीन सदस्यों के पद भी खाली हुए हैं उनका भी चुनाव कराया जाएगा। बॉक्स जरूरत पड़ी तो केदारनाथ साहनी सभागार में कराया जाएगा चुनाव कोरोना के संकट में शारीरिक दूरी के नियमों का पालन हो, इसके लिए उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर के महापौर का चुनाव केदारनाथ साहनी सभागार में कराया जा सकता है।

निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम चुनाव से पूर्व सिविक सेंटर स्थित सदन में इसका अभ्यास करेंगे। अगर, वहां पर लगता है कि प्रक्रिया शारीरिक दूरी के नियमों के मुताबिक पूरी नहीं हो पाएगी तो सिविक सेंटर में ही स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में यह प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसमें 900 लोग बैठ सकते हैं। जबकि निगम सदन के हॉल की क्षमता करीब 250 लोगों की है।

chat bot
आपका साथी