घर में मृत अवस्था में मिला युवक, बहन का आरोप बड़े भाई ने की हत्या

मुरादनगर की मॉडल टाउन कॉलोनी स्थित एक युवक संदिग्ध हालात में अपने घर में मृत अवस्था में मिला।

By Ayushi TyagiEdited By: Publish:Sun, 12 May 2019 02:14 PM (IST) Updated:Sun, 12 May 2019 02:14 PM (IST)
घर में मृत अवस्था में मिला युवक, बहन का आरोप बड़े भाई ने की हत्या
घर में मृत अवस्था में मिला युवक, बहन का आरोप बड़े भाई ने की हत्या

गाजियाबाद जेएनएन। मुरादनगर की माॅडल टाउन काॅलोनी में रविवार तड़के एक युवक संदिग्ध हालात में अपने घर में मृत अवस्था में मिला। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे कि पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहन के मुताबिक शनिवार दोपहर युवक का उसके बड़े भाई से घर के बाहर झगड़ा हुआ था। वह घर में आया तो पेट से खून निकल रहा था। डॉक्टर के पास जाने से उसने इन्कार कर दिया, जिस पर बहन ने घाव पर पट्टी बांध दी थी। रविवार सुबह वह अपने कमरे में मृत हालत में मिला। बहन ने बड़े भाई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार को भी हुआ था झगड़ा
एसएचओ मुरादनगर उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू (32) के रूप में हुई है। वह धेदा-कनौजा मार्ग स्थित माॅडल टाउन काॅलोनी में रहता था। परिवार में उसका बड़ा भाई शेर सिंह उर्फ शेरू, उसकी एक बेटी और मां है। झगड़े के कारण दोनों की पत्नी मायके में रहती हैं। बहन सुमन भी पति से विवाद के कारण मायके में ही रह रही है। जितेंद्र और शेर सिंह पुताई करते हैं। बहन कुसुम का कहना है कि जितेंद्र शुक्रवार को पुताई का काम छोड़कर पत्नी से मिलने चला गया था।

शाम को शेरू ने विरोध कर काम पर ध्यान देने की बात कही तो दोनों में झगड़ा हुआ। इसमें शेरू को काफी चोट आई थी। शनिवार को दोनों ही काम पर नहीं गए थे। दोपहर में दोनों बाहर गए और शराब पी। लौटते समय घर के बाहर ही दोनों में दुबारा झगड़ा हो गया। पड़ोसियों के मुताबिक शेरू और जितेंद्र में काफी ज्यादा मारपीट हो रही थी। उन्होंने दोनों को शांत कराया तो जितेंद्र के पेट से खून बह रहा था। वह घर पहुंचा और सुमन के पट्टी बांधने के बाद अपने कमरे में जाकर लेट गया।

नशे के कारण नहीं दी दवा
शाम सात बजे सुमन पड़ोस के डॉक्टर को बुलाकर लाई। सुमन के मुताबिक डॉक्टर ने दुबारा पट्टी तो बांध दी, लेकिन दवा देने या इंजेक्शन लगाने से इन्कार कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक जितेंद्र ने काफी ज्यादा शराब पी रखी थी। इस कारण दवा नहीं दी जा सकती थी। जितेंद्र देर रात तक बातचीत कर रहा था। हालांकि वह न तो उठा और न ही खाना खाया। रात में पूरा परिवार छत पर जाकर सो गया। सुबह पांच बजे सभी लोग उठे तो जितेंद्र मृत अवस्था में मिला।

ग्रामीण ने दी पुलिस को सूचना
एसएचओ मुरादनगर उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि एक ग्रामीण ने 100 नंबर पर कॉल कर मामले की सूचना दी थी। जितेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूछताछ में पता चला है कि जितेंद्र और शेरू के बीच शराब पीने के बाद झगड़ा हुआ था। इसी दौरान उसे किसी धारदार हथियार से पेट में चोट लगी। मुकदमा दर्ज कर शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी