राजधानी में सियासी रंग: राजनीतिक उमंग, आक्रोश और असमंजस वाली होली, BJP दिखी उत्साहित को AAP दिखी आक्रोशित

Delhi Politics News लोकसभा चुनाव की घोषणा हो गई है। भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी भी सामने आ चुके हैं। वह अपने क्षेत्र में प्रचार भी कर रहे हैं और होली का त्योहार उनके लिए जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने का अच्छा अवसर था। प्रत्याशी अपनी तरह से इसकी तैयारी भी कर रहे थे।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Geetarjun Publish:Tue, 26 Mar 2024 11:50 PM (IST) Updated:Tue, 26 Mar 2024 11:50 PM (IST)
राजधानी में सियासी रंग: राजनीतिक उमंग, आक्रोश और असमंजस वाली होली, BJP दिखी उत्साहित को AAP दिखी आक्रोशित
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन, केजरीवाल के खिलाफ शहीदी पार्क में भाजपा का प्रदर्शन।

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। चुनाव की घोषणा हो गई है। भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी भी सामने आ चुके हैं। वह अपने क्षेत्र में प्रचार भी कर रहे हैं और होली का त्योहार उनके लिए जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने का अच्छा अवसर था। प्रत्याशी अपनी तरह से इसकी तैयारी भी कर रहे थे।

इस बीच आबकारी नीति घोटाला मामले (Delhi Excise Policy) में ईडी द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी से रंगों के त्योहार पर सियासी रंग कुछ ज्यादा ही चढ़ गया। यही कारण है कि आपसी प्रेम व भाईचारा की जगह इस बार की होली राजनीतिक कड़वाहट से भरी रही।

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी भाजपा बता रही अपनी जीत

21 मार्च की रात ईडी द्वारा केजरीवाल को गिरफ्तार करने से दिल्ली का राजनीतिक वातावरण बदल गया है। भाजपा इसे अपने संघर्ष की जीत बता रही है। नेता व कार्यकर्ता उत्साहित हैं। उनके चुनाव प्रचार के केंद्र में भी इस समय यही मुद्दा है।

पार्टी इस अवसर को अपने पक्ष में भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसकी झलक होली के लिए आयोजित कार्यक्रमों में भी देखने को मिली। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी ने दिल्ली सरकार पर लगे भ्रष्टाचार को उठाकर आम आदमी पार्टी की चुनावी राह को मुश्किल करने की कोशिश की।

भ्रष्टाचार की होलिका जलाई

इसके लिए 24 मार्च को दिल्ली के सभी 256 वार्डों में भ्रष्टाचार की होलिका जलाई गई। नागरिक संगठनों द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में भी भाजपा नेता उत्साह के साथ शामिल हुए और मौका मिलते ही वहां पर केजरीवाल की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उछाला।

सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अन्य भाजपा नेता होली खेलने में व्यस्त रहे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्रियों के यहां जाकर दिल्ली के नेताओं ने होली खेली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी होली से दिन चहल पहल रही। कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

आप नेताओं और कार्यकर्ताओं में दिखा आक्रोश

जहां भाजपा में होली का उमंग दिखा। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेताओं पर होली का रंग नहीं चढ़ा। उनमें आक्रोश झलक रहा है। मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी ने पहले ही होली नहीं मनाने की घोषणा कर दी थी। होलिका दहन के दिन इसके नेता व कार्यकर्ता पूरी दिल्ली में कैंडल मार्च निकालकर रोष जताया।

सोमवार को पार्टी कार्यालय से लेकर दिल्ली सरकार के मंत्रियों व अन्य नेताओं के आवास पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश नेता अपने आवास पर रहे। कार्यकर्ता व समर्थक उनसे मिलने भी आए तो बिना रंग-गुलाल व मिठाई के। कई आप नेता और प्रत्याशी नागरिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए भी तो उन्होंने अपनी तरफ से रंग लगाने की पहल नहीं की, परंतु किसी ने रंग लगाया तो विरोध भी नहीं जताया।

कांग्रेसियों में भाजपा जैसा उमंग तो नहीं था, परंतु आप नेताओं जैसी होली को लेकर उदासीनता भी नहीं थी। कांग्रेस नेता परंपरागत तरीके से होली का त्योहार मनाया। कार्यकर्ता व संमर्थक संभावित प्रत्याशियों के यहां पहुंचकर उन्हें गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। नेता कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रत्याशियों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यदि भाजपा की तरह उनके नाम घोषित हो जाते तो यहां भी होली की खुशी बढ़ जाती है।

chat bot
आपका साथी