दिल्ली में खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बता झाड़ रहा था रौब, पोल खुलते ही पहुंचा हवालात

दिल्ली में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर बताकर पुलिसकर्मियों पर ही रौब झाड़ रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने छानबीन की तो आरोपित की पोल खुल गई।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 27 Mar 2021 04:58 PM (IST) Updated:Sat, 27 Mar 2021 04:58 PM (IST)
दिल्ली में खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बता झाड़ रहा था रौब, पोल खुलते ही पहुंचा हवालात
कार के आगे-पीछे के शीशों पर लगा दिल्ली पुलिस का स्टीकर बरामद किया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दरियागंज थाना पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर बताकर पुलिसकर्मियों पर ही रौब झाड़ रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने छानबीन की तो आरोपित की पोल खुल गई। आरोपित का नाम संजय कुमार है। संजय खुद को दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच में तैनात बताता था। पुलिस ने इसके पास से कार, कार में टंगी इंस्पेक्टर की वर्दी, दिल्ली पुलिस की नई डायरी, नकली पहचान पत्र, कार के आगे-पीछे के शीशों पर लगा दिल्ली पुलिस का स्टीकर बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इससे पूर्व फरवरी 2020 में संजय इसी तरह के एक मामले में सरोजनी नगर थाने में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम को दरियागंज थाने के पास पुलिस कर्मी वाहनों की तलाशी कर रहे थे। शाम साढ़े पांच बजे एक कार को जांच के लिए रुकवाया। कार के आगे और पीछे शीशे पर दिल्ली पुलिस का स्टीकर लगा था।

कार रुकते ही आरोपित ने पुलिसकर्मियों को डांटना शुरू कर दिया। जब इस हरकत से पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ तो उससे पहचान पत्र मांगा गया। दिखने में पहचान पत्र असली लग रहा था। जांच की गई तो पता चला कि जिस पीआइएस नंबर का कार्ड संजय कुमार के पास है वह साउथ रोहिणी के थाना प्रभारी के लिए जारी किया गया है। इसके बाद भी आरोपित नहीं माना और खुद को स्पेशल ब्रांच का बताने लगा। पुलिस ने वहां भी जांच करवाई तो वहां भी आरोपित का भेद खुल गया। आरोपित ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस के लिए ठेकेदारी का काम करता है।

chat bot
आपका साथी