करोलबाग अग्‍निकांड: होटल अर्पित पैलेस का मालिक गिरफ्तार, 17 लोग चढ़े थे आग की भेंट

दिल्‍ली के करोलबाग स्‍थित होटल अर्पित पैलेस में आग लगने के बाद से फरार चल रहे उसके मालिक राकेश गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आज उसकी कोर्ट में पेशी होगी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Feb 2019 10:07 AM (IST) Updated:Sun, 17 Feb 2019 12:45 PM (IST)
करोलबाग अग्‍निकांड: होटल अर्पित पैलेस का मालिक गिरफ्तार, 17 लोग चढ़े थे आग की भेंट
करोलबाग अग्‍निकांड: होटल अर्पित पैलेस का मालिक गिरफ्तार, 17 लोग चढ़े थे आग की भेंट

नई दिल्‍ली, जेएनएन। दिल्‍ली के करोलबाग स्‍थित होटल अर्पित पैलेस में आग लगने के बाद से फरार चल रहे उसके मालिक राकेश गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आज उसकी कोर्ट में पेशी होगी। बता दें की 13 फरवरी को राजधानी दिल्ली के करोलबाग स्थित होटल अर्पित में अचानक से भयानक आग लग गई। हादसा अहले सुबह हुआ था उस वक्त सभी सैलानी और कर्मचारी गहरी नींद में थे।

इस आग लगने की घटना में 17 सैलानी जिंदा जला गए, जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिस वक़्त होटल अर्पित में आग लगी, वहां 100 से अधिक लोग ठहरे हुए थे। इस होटल में करीब 45 कमरे हैं। होटल में उस वक्त तकरीबन 25 कर्मचारी भी सो रहे थे। 17 मृतकों में एक महिला व एक बच्चा भी शामिल है। जान गंवाने वालों में ज्यादातर केरल व म्यांमार के थे।

ये हादसा इतना भयावह था कि जिंदा बचे सैलानी और कर्मचारी पूरी जिंदगी इसे भूल नहीं सकेंगे। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मृतकों के लिए पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे का एलान किया है।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। हालांकि, ये कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली समेत देश के अन्य राज्यों में पहले भी होटलों में आग लगने की कई बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक होटल मालिक पर 56 करोड़ रुपये का कर्ज था। जिसे वह चुकाने में असमर्थ था। होटल पिछले एक साल से अच्छा कारोबार नहीं कर रहा था, जिससे वह होटल को बेचने का प्रयास कर रहा था। दिल्ली होटल महासंघ के महासचिव अरुण कुमार ने बताया कि होटल की पहली ई-नीलामी में 27 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। अगली नीलामी बोली 31 मार्च को होने वाली थी।

करोलबाग के होटल अर्पित पैलेस में आग से 17 लोगों की मौत के बाद दिल्ली सरकार ने अग्निशमन नियमों की अवहेलना करने वाले करोलबाग के 30 होटलों की एनओसी रद कर दी है। पिछले दो दिनों में विभाग की टीम ने करोलबाग के कुल 45 होटलों का निरीक्षण किया था। इसमें होटलों में बड़े पैमाने पर अनियमितता पाई गई। करोलबाग में करीब 250 होटल चल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी